18 नवंबर 2014 - 18:58
 माइकल ब्राउन हत्याकांड, फ़ैसले से पहले मीसूरी में एमरजेंसी

अमरीका के राज्य मिसूरी में एक अश्वेत युवा की हत्या के मामले में फ़ैसला सामने आने से पहले आपातकाल की घोषणा कर दी गई है।

अमरीका के राज्य मिसूरी में एक अश्वेत युवा की हत्या के मामले में फ़ैसला सामने आने से पहले आपातकाल की घोषणा कर दी गई है।
मिसूरी राज्य के सेंट लूइस नगर में जातीय भेदभाव और पुलिस के पक्षपातपूर्ण व्यवहार के विरुद्ध निरंतर प्रदर्शन हो रहे हैं। बताया गया है कि अमरीकी पुलिस के हाथों अश्वेत युवा माइकल ब्राउन की हत्या के मुक़द्दमे का फ़ैसला आने से पूर्व सेंट लूइस में स्थिति तनावपूर्ण है और अधिकारियों ने एमरजेंसी लगा दी है।
सोमवार को भी बड़ी संख्या में लोगों ने सेंट लूइस की सड़कों पर निकल कर अमरीकी सरकार की नस्लवादी नीतियों की निंदा की थी। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि वह जातीय भेदभाव की घटनाओं की निष्पक्ष ढंग से जांच करे। दूसरी ओर फ़र्गूसन नगर में भी अश्वेतों के विरुद्ध भेदभावपूर्ण रवैये के विरुद्ध प्रदर्शन हो रहे हैं।
ज्ञात रहे कि साढ़े तीन महीने पहले एक पुलिसकर्मी ने माइकल ब्राउन नामक इस अश्वेत युवा की फ़र्गूसन नगर में अकारण हत्या कर दी थी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उक्त पुलिसकर्मी को उसके अपराध की सज़ा दी जाए किंतु फ़र्गूसन के पुलिस आयुक्त ने इस बात के संकेत दिए हैं कि उसे बरी करके पुनः नौकरी पर बहाल किया जा सकता है।