अबनाः मलेशियाई पुलिस के एक उच्चाधिकारी ने बताया है कि आईएसआईएल से जुड़ने वाले इस देश के नागरिक वे लोग हैं जो नशे के आदी, जीवन में पराजित और अपने भीतर पाप का आभास करने वाले हैं।
मलेशियाई पुलिस के आतंकवाद निरोधक शाखा के प्रमुख अय्यूब ख़ान माइदीन ने सोमवार को बताया कि आईएसआईएल के आतंकियों से जुड़ने वाले मलेशियाई नागरिक नशेड़ी और ऐसे लोग हैं जो सदा पाप का आभास करते हैं और इस मार्ग में मरने को अपनी मुक्ति का माध्यम समझते हैं। मलेशियाई अधिकारियों ने पिछले कई दिनों से आईएसआईएल द्वारा जेहाद और शहादत के विषय से ग़लत लाभ उठाए जाने के संबंध में कड़ी नीति अपनाई है। अय्यूब ख़ान माइदीन ने बताया कि इन आतंकियों से जुड़ने वाले मलेशियाई सोचते हैं कि उनकी मौत शहादत और स्वर्ग के लिए शॉर्ट कट है। उन्होंने कहा कि ये लोग सोचते हैं कि मौत के बाद उनके पिछले सारे पाप धुल जाएंगे और उन्हें शहीद समझा जाएगा।
उन्होंने बताया कि आईएसआईएल के आतंकियों से जुड़ने वाले मलेशियाई नागरिक वे लोग हैं जो नशे के आदी, अपने परिवार में विफल रहने वाले और पापों का बहुत अधिक आभास करने वाले हैं। अय्यूब ख़ान ने सचेत किया कि तकफ़ीरियों का ख़तरा बड़ा गंभीर है औ इनसे निपटने के लिए नई रणनीतियों की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जिन संदिग्ध लोगों से पूछ ताछ की गई है उनका कहना है कि इराक़ व सीरिया जाने वाले मलेशियाई, मौत के लिए तैयार हैं।
इस बीच मलेशिया के एक बड़े धार्मिक केंद्र ने आईएसआईएल को ब्लैक लिस्ट में रख दिया है। इस केंद्र के प्रमुख अब्दुश्शकूर हुसैन ने कहा है कि यह क़दम, मलेशियाई मुसलमानों को इराक़ व सीरिया में आईएसआईएल से जुड़ने से रोकने के लिए उठाया गया है।
3 नवंबर 2014 - 20:05
समाचार कोड: 649016
मलेशियाई पुलिस के एक उच्चाधिकारी ने बताया है कि आईएसआईएल से जुड़ने वाले इस देश के नागरिक वे लोग हैं जो नशे के आदी, जीवन में पराजित और अपने भीतर पाप का आभास करने वाले हैं।