अबनाः आतंकवादी संगठन आईएसआईएस ने इराक़ के अलकरमा नगर में 80 इराक़ियों की हत्या कर दी।
आईएसआईएस से लड़ने वाले एक सुन्नी छापमार गुट के कमांडर ने बताया है कि आईएस के आतंकवादियों ने अलअंबार प्रांत के अलकरमा नगर में कम से कम 80 लोगों की हत्या कर दी है। महमूद अलमरज़ी ने बताया कि इन लोगों को एकत्रित करके अलकरमा के मुख्य चौराहे पर आईएस ने सामूहिक रूप गोलियों से भून दिया। आईएसआईएस की ओर से सामूहिक जनसंहार की यह घटना उसके बाद घटी जब इराक़ की सेना ने मंगलवार 26 अगस्त को स्थानीय क़बीलों की सहायता से अलअंबार प्रांत के तीन नगरों अक्काशात, अज़्ज़ंकूरे और अन्नख़ीब को आईएस के चुंगल से मुक्त करा लिया।
इसी बीच इराक़ की सेना के प्रवक्ता मुहम्मद असकरी ने कहा कि इन तीन नगरों को आईएस के हाथों से मुक्त कराने में 5 दिन का समय लगा। इराक़ की सेना ने बताया है कि इस कार्यवाही के दौरान बड़ी संख्या में आईएस के लोग गिरफ़्तार किये गए हैं।
ज्ञात रहे कि वैसे तो इराक़ में लंबे समय से अशांति जारी है किंतु जून में यह हिंसा एकदम से उस समय अधिक बढ़ गई जब आईएसआईएस नामक आतंकवादी संगठन ने इराक़ के कुछ क्षेत्रों पर नियंत्रण करके अपने नियंत्रित क्षेत्र में ख़िलाफ़ता की घोषणा की थी। ख़िलाफ़त की घोषणा करने के पश्चात आईएसआईएस ने इराक़ के शीया और सुन्नी मुसलमानों के अतिरिक्त वहां के इसाइयों और ईज़दियों को भी अपने अत्याचारों का लक्ष्य बनाया था। इराक़ के जिन क्षेत्रों पर आईएस ने नियंत्रण स्थापित कर लिया था उनमें इस आतंकवादी गुट ने आम लोगों के विरुद्ध जघन्य अपराध किये जिनमें फांसी देना भी सम्मिलित है।
उल्लेखनीय है कि इराक़ की सेना, कुर्द के सुरक्षाबलों और आईएस के विरुद्ध स्वेच्छा से युद्ध करने वाले हज़ारों लोगों के साथ मिलकर इस आतंकवादी संगठन के विरुद्ध लड़ रहे हैं जिसमें उसे उल्लेखनीय सफलताएं मिल रही हैं।
27 अगस्त 2014 - 19:18
समाचार कोड: 633926
आतंकवादी संगठन आईएसआईएस ने इराक़ के अलकरमा नगर में 80 इराक़ियों की हत्या कर दी।