अबनाः राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि चरमपंथ और हिंसा विश्वव्यापी समस्या है जिसके मुक़ाबले के लिए सबको एकजुट होना चाहिए।
डा. हसन रूहानी ने रविवार को तेहरान में प्रतिरक्षा उद्योग दिवस के अवसर पर कहा कि हम किसी भी देश में हस्तक्षेप करने और अतिक्रमण के विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि हम शस्त्रों की प्रतिस्पर्धा के पक्षधर नहीं हैं किंतु अपनी सुरक्षा के लिए शस्त्रों का निर्माण करेंगे। ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे पड़ोसियों को जान लेना चाहिए कि यदि प्रतिरक्षा उद्योग में सक्षम होते हैं तो यह केवल हमारे अपने लिए नहीं है बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि ईरान की रक्षा शक्ति उसके पड़ोसी देशों और इस्लामी देशों के लिए कोई ख़तरा नहीं है बल्कि वह उनके लिए लाभदायक है। हसन रूहानी ने कहा कि वर्तमान विश्व को नाना प्रकार की समस्याओं का सामना है। उन्होंने कहा कि विगत में किसी ने सोचा भी नहीं था कि पानी के लिए भी युद्ध हो सकता है किंतु निश्चित रूप से कहा जा सकता है कि भविष्य में एसा संभव है।
उन्होंने कहा कि हमारी दूसरी समस्या, चरमपंथ और हिंसा है। यह एसी समस्या है जिससे सब लोग चिंताग्रस्त हैं। ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि इस समय विश्व के कई देश हिंसा और अतिवाद से घिरे हुए हैं। पिछले दशक के दौरान अफ़ग़ानिस्तान, इराक़, सीरिया, पाकिस्तान, मिस्र, लीबिया और कई अन्य देशों में रक्तरंजित युद्ध हुए जिनमें बड़ी संख्या में आम लोग मारे गए। उन्होंने कहा कि एसी स्थिति में कि जब औद्योगिक देश प्रगति के मार्ग पर अग्रसर हैं, इस्लामी देश हिंसा और आंतिरक मतभेदों में घिरे हुए हैं और वहां की प्रगिति आतंकवाद से कुचल कर धूमिल हुई है।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि प्रतिरक्षा से संबन्धित हमारे शोध इस आधार पर हैं कि हम किस प्रकार से अपनी रक्षा करें और किस प्रकार से शत्रुओं के अतिक्रमण को रोका जाए। उन्होंने कहा कि हमारी रणनीति रक्षात्मक है आक्रमक नहीं। राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि एसे भी देश हैं जिनके जलपोत, पनडुब्बियां, विमान और अन्य सैन्य उपकरण सबकुछ अतिक्रमण और अतिग्रहण के लिए हैं किंतु हम न तो वर्चस्व चाहते हैं और न ही दूसरों पर आक्रमण करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हम स्वाभिमानी है अतिक्रमणकारी नहीं हैं।
24 अगस्त 2014 - 19:23
समाचार कोड: 633230
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि चरमपंथ और हिंसा विश्वव्यापी समस्या है जिसके मुक़ाबले के लिए सबको एकजुट होना चाहिए।