तल अवीव: ग़ज़्ज़ा में जारी जनसंहार के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे एरिक ट्रंप की कंपनी का नाम इस्राईल के साथ एक बड़े सैन्य सौदे में सामने आया है। पश्चिमी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, एरिक ट्रंप की हिस्सेदारी वाली एक अमेरिकी कंपनी इस्राईली सेना को 1,000 युद्धक रोबोट उपलब्ध कराने के लिए बातचीत कर रही है। इन रोबोटों का इस्तेमाल ग़ज़्ज़ा की सुरंगों में सैन्य अभियानों के लिए किया जा सकता है।
समाचार एजेंसी तस्नीम की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटिश अखबार फाइनेंशियल टाइम्स ने कहा है कि अमेरिकी स्टार्टअप कंपनी फाउंडेशन इंडस्ट्रीज इस्राईली सेना के साथ रोबोट की आपूर्ति को लेकर बातचीत कर रही है। यह कंपनी इंसानों जैसे दिखने और काम करने वाले रोबोट तैयार करती है। एरिक ट्रंप इस कंपनी के प्रमुख शेयरधारकों में शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइक लेब्लांक ने पिछले साल सितंबर में इस्राईल के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ शुरुआती बैठकें की थीं। इसके बाद वह कंपनी के 'फैंटम एमके-1' रोबोट के साथ ग़ज़्ज़ा की सुरंगों में भी गए थे।
बताया गया है कि कंपनी इस्राईली सेना प्रमुख एयाल ज़मीर के साथ सीधे बातचीत कर रही है। हालांकि, अभी तक 1,000 रोबोट की आपूर्ति का अंतिम समझौता होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ब्रिटिश अखबार द टेलीग्राफ के अनुसार, कंपनी के एक रोबोट की कीमत करीब 1.5 लाख डॉलर है। अगर 1,000 रोबोट का सौदा पूरा होता है, तो इसकी कुल कीमत लगभग 15 करोड़ डॉलर यानी करीब 150 मिलियन डॉलर हो सकती है।
गौरतलब है कि ग़ज़्ज़ा में इस्राईली सैन्य अभियानों के दौरान विस्फोटक रोबोटों के इस्तेमाल को लेकर पहले भी कई रिपोर्टें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में यह संभावित सौदा ग़ज़्ज़ा में सैन्य तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर रहा है।
आपकी टिप्पणी