वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों से संकेत मिल रहे हैं कि अमेरिका फिलहाल ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान के बजाय आर्थिक दबाव बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहा है। हालांकि, ट्रंप ने ईरान पर दोबारा हमले की धमकी देने से इनकार नहीं किया है।
अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप अब ईरान के परमाणु संकट को बिना किसी नए समझौते के खत्म घोषित करना चाहते हैं। उनका मानना है कि ईरान को उसकी मौजूदा स्थिति में ही रोक दिया गया है और अब नए परमाणु समझौते की जरूरत नहीं है।रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन फिलहाल ईरान के संवर्धित यूरेनियम को देश से बाहर निकालने और उसके मिसाइल कार्यक्रम पर रोक लगाने की मांग को लेकर भी पहले जैसी सक्रियता नहीं दिखा रहा है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पेरिस में पत्रकारों से कहा कि अमेरिका का आर्थिक दबाव अभियान काफी प्रभावी साबित हो रहा है। इसलिए फिलहाल बड़े सैन्य अभियान की जरूरत नहीं है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान ने अमेरिकी रेड लाइन पार की तो वॉशिंगटन कार्रवाई कर सकता है।
ट्रंप ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को ईरान के साथ सीधी बातचीत के प्रयासों से ध्यान हटाने का निर्देश भी दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि अमेरिका को अब ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है।
दूसरी ओर, कतर और पाकिस्तान दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू कराने की कोशिश कर रहे हैं।
ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूट की विशेषज्ञ सुजैन मालोनी के मुताबिक, भले ही ट्रंप ईरान के मुद्दे से आगे बढ़ना चाहते हों, लेकिन ईरान का मामला अभी खत्म नहीं हुआ है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान हुर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण बनाए रख सकता है और अपनी मिसाइल, ड्रोन तथा परमाणु क्षमताओं को फिर से मजबूत करने की कोशिश करेगा। ऐसे में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लंबे समय तक जारी रह सकता है।
आपकी टिप्पणी