ग़ज़्ज़ा : हमास के वरिष्ठ नेता मूसा अबू मरज़ूक ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अध्यक्षता वाले तथाकथित ‘शांति बोर्ड’ की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अगर यह बोर्ड वास्तव में शांति स्थापित करना चाहता है, तो उसे इस्राईल पर दबाव बनाना चाहिए। ऐसा नहीं करने पर इसका नाम बदलकर ‘नरसंहार बोर्ड’ रख देना चाहिए।
समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, हमास के अंतरराष्ट्रीय संबंध कार्यालय के प्रमुख मूसा अबू मरज़ूक ने अरब मीडिया वेबसाइट ‘अल-अरबी अल-जदीद’ से बातचीत में कहा कि शांति बोर्ड ग़ज़्ज़ा के हालात पर पक्षपातपूर्ण नजरिया अपना रहा है और उसकी नीतियां इस्राईल के हितों के अनुरूप हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह बोर्ड ग़ज़्ज़ा में आम नागरिकों के खिलाफ इस्राईली हमलों और अत्याचारों को नजरअंदाज कर रहा है। साथ ही, वह मानवीय सहायता पहुंचाने, सीमा चौकियों को खुलवाने और इस्राईली सैन्य कार्रवाई रुकवाने की अपनी जिम्मेदारी भी नहीं निभा रहा है।
अबू मरज़ूक ने कहा कि शांति बोर्ड इस्राईल को अपनी प्रतिबद्धताओं से पीछे हटने के लिए राजनीतिक संरक्षण दे रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बोर्ड के बयान और रिपोर्ट इस्राईली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू तथा इस्राईली सेना के रुख से काफी हद तक मेल खाते हैं।
हमास नेता के मुताबिक, मिस्र, कतर और तुर्की जैसे मध्यस्थ देशों ने भी इस्राईल की लगातार जारी सैन्य कार्रवाई पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे समझौते के दूसरे चरण को लागू करने में बाधा आ रही है।
अबू मरज़ूक ने कहा कि शांति बोर्ड को निष्पक्ष होकर इस्राईल पर वास्तविक दबाव बनाना चाहिए और यह स्पष्ट करना चाहिए कि समझौते में रुकावट कौन पैदा कर रहा है।
उन्होंने अंत में कहा कि शांति बोर्ड पर हमास और फिलिस्तीनी जनता का भरोसा तेजी से खत्म हो रहा है।
आपकी टिप्पणी