न्यूयॉर्क: न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने गाजा में इजरायली सैन्य कार्रवाई की आलोचना करते हुए कब्जे, रंगभेद की व्यवस्था और युद्ध अपराधों के आरोपियों को सजा से बचाए जाने का विरोध करने की अपील की है।
ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में 7 अक्टूबर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना को तीन साल हो चुके हैं और यह दिन न्यूयॉर्क के लोगों के लिए बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि उस दिन हमास के हमले में 1,100 से अधिक इजरायली मारे गए थे और कई न्यूयॉर्कवासी आज भी अपने दोस्तों और पड़ोसियों को खोने का दुख झेल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह पीड़ा न तो 7 अक्टूबर को शुरू हुई थी और न ही उसी दिन खत्म हुई। उनके अनुसार, गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई के कारण यह पीड़ा लगातार जारी है। ममदानी ने दावा किया कि इस युद्ध में 74,000 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए हैं।
ममदानी ने कहा कि गाजा के लोगों की मुश्किलें इजरायली हमलों में एंबुलेंस, इमारतों और पत्रकारों को निशाना बनाए जाने तथा खाद्य सामग्री की खेपों को गाजा में प्रवेश से रोके जाने के कारण और बढ़ी हैं।
अमेरिका द्वारा इजरायल को दिए जा रहे समर्थन की आलोचना करते हुए ममदानी ने कहा: “हमारे टैक्स का पैसा इन युद्ध अपराधों के खर्च को पूरा कर रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका की सरकार भेजे जाने वाली हर हथियार की खेप में भागीदार है।
न्यूयॉर्क के मेयर ने दुनिया में ऐसे माहौल के लिए प्रयास करने की अपील की, जहां सभी इंसान स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जी सकें।
ममदानी ने साथ ही कब्जे को जारी रखने, रंगभेद की व्यवस्था और युद्ध अपराधों के आरोपियों को सजा से बचाए जाने का विरोध करने की जरूरत पर जोर दिया।
आपकी टिप्पणी