7 दिसंबर 2020 - 15:21
यूएई बन रहा है इस्राईली माफिया का अड्डा, इस्राईली सूत्रों ने खोला राज़

इस्राईली टीवी चैनल ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि एक उच्च इस्राईली सुरक्षा अधिकारी ने बताया है कि इस्राईल के बहुत से मादक पदार्थों के तस्कर और माफिया सरगना, दुबई जा रहे हैं।

इस्राईल के चैनल नंबर-12 ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि दुबई में इस्राईली माफिया सरगना, अपना ठिकाना बना रहे हैं।

इस्राईली टीवी की रिपोर्ट में बताया गया है कि पहले से ही इस बात का अनुमान लगाया जा रहा हथ लेकिन अब जब यूएई के साथ सभी इस्राईलियों के सहयोग की भूमिका तैयार हो गयी है, इस्राईली अपराधियों के लिए दुबई एक बहुत बड़ा बाज़ार बन गया है।

इस्राईली टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार इस्राईली माफिया संगठनों  के सरगनाओं ने दुबई में गतिविधियों शुरु कर दी हैं और वह मादक पदार्थ और संपत्ति के व्यापार में पैसे लगा रहे हैं तथा इस्राईल में रहने वाले यहूदी अपराधियों से व्यापक स्तर पर सहयोग भी कर रहे हैं।

टीवी चैनल ने एक इस्राईली पुलिस अफसर के हवाले से बताया कि माफिया सरगना या तो अपने किसी आदमी को दुबई भेज रहे हैं या स्वंय वहां जाकर व्यापार कर रहे हैं और अब तक इस्राईली अपराधियों ने दसियों करोड़ डालर की डील भी कर ली है।

इस्राईली पुलिस अफसर ने बताया कि यह अपराधी और माफिया सरगना स्वंय को इस्राईली व्यापारी बताते हैं और यह ज़ाहिर नहीं होने देते कि वह बेहद खतरनाक मुजरिम हैं अर्थात वह संपत्ति, होटल आदि के व्यापार की बात करते हैं लेकिन अस्ल में वह मादक पदार्थों की तस्करी  और मनी लांड्रिंग करते हैं।

इस्राईली टीवी की रिपोर्ट में बताया गया है कि इस समय इस्राईल के दसियों अपराधी दुबई में रह रहे हैं और वह नकली काग़ज़ात की मदद से व्यापारी के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं और नयी नयी कंपनियां खोल रहे हैं।

इस इस्राईली पुलिस अफसर ने कहा कि मैं इन सभी इस्राईली अपराधियों को सलाह देता हूं कि दुबई में मादक पदार्थों का व्यापार न करें क्योंकि अगर गिरफ्तार कर लिये गये तो हो सकता है बरसों जेल में बिताना पड़े और अगर भारी मात्रा में मादक पदार्थ मिल गया तो फिर मौत की सज़ा भी मिल सकती है।

इस्राईली पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम उन इस्राईलियों के बारे में सूचनाएं एकत्रित कर रहे हैं जो एक महीने से अधिक दुबई में काम करते हैं और ताकि उनके बारे में जांच करके उन्हें पकड़ा जा सके, हमारा मानना है कि यह अपराधी दस करोड़ डालर की मनी लांड्रिंग, दुबई में करते हैं।

इस्राईल और यूएई ने गत अगस्त में एक बयान जारी करके संबंध बनाने की घोषणा की जिसके बाद बहरैन ने भी इसी  प्रकार की घोषणा करके इस्राईल से संबंध स्थापित कर लिये।

इस्लामी जगत में इस्राईल के साथ संबंध स्थापना का व्यापक विरोध किया जा रहा है।