बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में 15 ज़िलों की 78 सीटों पर शनिवार को मतदान हुआ। इस चरण में 1204 उम्मीदवारों की क़िस्मत इलोक्ट्रोनिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गई। मतदान की समाप्ति पर 55 दशमलव 22 प्रतिशत के क़रीब वोटिंग होने के समाचार हैं और लोगों में मतदान के लिए काफ़ी उत्साह देखा गया। बिहार में कौन सी पार्टी सरकार बनाएगी इसका पता 10 नवम्बर को मतगणना के बाद चलेगा। 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी को सबसे ज्यादा 80 सीटें हासिल हुई थीं जबकि दूसरे नंबर पर नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू थी जिसे 71 सीटें मिली थीं। इसके अलावा भाजपा को 54, कांग्रेस को 27, एलजेपी को 2, आरएलएसपी को 2, हम को 1 और अन्य के हिस्से में 7 सीटें आई थीं।
बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं और सरकार गठन के लिए 122 सीटों की ज़रूरत होगी। मतदान पूरा होने के बाद विभिन्न टीवी चैनलों द्वारा एग्ज़िट पोल दिखाए जाने का क्रम शुरू हो गया है। कुछ सर्वेक्षणों में एनडीए को 116, महागठबंधन को 120 और अन्य को सात सीटें मिलने की बात कही गई है। कुछ अन्य में राजग को 91 से 117 और महागठबंधन को 118 से 138 तक सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई है। एक अन्य एग्ज़िट पोल में एनडीए को 104 से 128 और महागठबंधन को 108 से 131 सीटें मिलते हुए दिखाया गया है जबकि अन्य को 4 से 8 सीटें मिलने का अनुमान है।