सेना और तुर्क सरकार के समर्थकों के मध्य कई घंटों की झड़पों के बाद अंकारा के अधिकारियों ने सैन्य विद्रोह की विफलता की सूचना दी है।
रोइटर्ज़ की रिपोर्ट के अनुसार, तुर्की के प्रधानमंत्री बिन अली येलदरीम ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने तुर्की की जनता और देश के समस्त राजनैतिक दलों से एकता बनाए रखने और देश में लोकतंत्र के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। ज्ञात रहे कि तुर्की की ख़ुफ़िया एजेन्सी मीत ने देश में सैन्य विद्रोह को विफल बनाने की सूचना दी थी। इसी मध्य सीएनएन ने अपने आधिकारिक ट्वीटर पेज पर लिखा कि एेसी स्थिति में कि तुर्की की राष्ट्रीय ख़ुफ़िया इकाई ने दावा किया कि विद्रोह समाप्त हो गया, तुर्की के विभिन्न शहरों में सेना और प्रदर्शनकारियों के मध्य झड़पें यथावत जारी हैं।
अलमयादीन टीवी चैनल ने ब्रेकिंग न्यूज़ देते हुए ख़बर दी कि तुर्की में विफल सैन्य विद्रोह में 47 सैन्य अधिकारी लिप्त थे। हमारे संवाददाता ने अंकारा से रिपोर्ट दी है कि इस्तांबोल में विद्रोह में शामिल कई सैनिकों को गिरफ़्तार कर लिया गया। शेनहुआ ने रिपोर्ट दी है कि तुर्की में सैन्य विद्रोह के दौरान सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी गिरफ़्तार कर लिए गये। कुछ सूत्रों ने विद्रोहियों के चंगुल से सेना प्रमुख की स्वतंत्रता की भी सूचना दी है।