यमन में दाइश के आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग करके 4 भारतीय नर्सों सहित 16 लोगों को मौत के घाट उतार दिया।
प्राप्त समाचारों के अनुसार शुक्रवार को दक्षिणी यमन के अदन शहर में स्थित एक ओल्ड ऐज होम पर हुए आतंकवादी हमले में चार भारतीय नर्सों समेत 16 लोगों की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब चार बंदूकधारी आतंकियों ने केयर होम को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी।
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार 4 बंदूकधारी हमलावर केयर होम के बाहर पहुंचे और उन्होंने एक बुज़ुर्ग को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमले के समय वहां मौजूद चार भारतीय नर्स और अन्य लोग भी गोलियों का निशाना बने, जिसके कारण भारतीय नर्सों और अन्य 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
समाचार एजेंसी एएफपी से बात करते हुए अधिकारियों ने बताया कि वृद्धाश्रम पर हमला करने वाले आतंकियों का संबंध तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश या अल-क़ायदा से हो सकता है। अधिकारियों के अनुसार कुछ महीनों पहले इन आतंकी गुटों ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया था।
भारत में विदेश मंत्रालय यमन में दूतावास न होने के कारण कोई सही जानकारी साझा नहीं कर पा रहा है।