तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश ने इराक़ के उत्तरी प्रांत नैनवा में एक दर्जन लोगों को ऊंची बिल्डिंग से फेंक कर मार डाला।
दाइश ने शनिवार को अपने नियंत्रण वाले मूसिल शहर के केन्द्र में यह जघन्य अपराध किया।
सूमरिया न्यूज़ के अनुसार, दाइश ने इस जघन्य अपराध के लिए मूसिल के दवासा इलाक़े में सबसे ऊंची बिल्डिंग को इस्तेमाल किया जो इंश्योरेंस कंपनी की है।
ज्ञात रहे इराक़ में दाइश ने लोगों को बिल्डिंग से फेंक कर जान से मारने का अपराध पहली बार नहीं किया है। इससे पहले उसने मूसिल में 23 अगस्त को 9 लोगों को और 3 जून को 3 लोगों को बिल्डिंग से फेंक कर हताहत किया था।
इराक़ में जून 2014 से उत्पात मचाने वाला यह आतंकवादी गुट, हाल में इराक़ी सेना से मुक़ाबले में पीछे हटता जा रहा है।
इराक़ के रक्षा मंत्री ख़ालिद अलउबैदी ने इससे पहले शनिवार को प्रेस कान्फ़्रेंस में बताया कि दाइश ने इराक़ की 40 फ़ीसद क्षेत्र पर नियंत्रण किया था लेकिन इराक़ी सेना ने इसके नियंत्रण से ज़्यादातर इलाक़ों को आज़ाद करा लिया है। इस वक़्त दाइश इराक़ के 17 फ़ीसद भाग पर क़ब्ज़ा किए हुए है।