25 अक्टूबर 2015 - 12:39
आशूर के दिन भारत भर में इमाम हुसैन की याद मनाई गई।

भारत के उत्तर प्रदेश, झारखंड और मध्य प्रदेश राज्यों में मोहर्रम के जुलूसों और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान होने वाली सांप्रदायिक झड़पों में तीन लोगों के हताहत और कई लोगों के घायल होने के समाचार हैं।

भारत के उत्तर प्रदेश, झारखंड और मध्य प्रदेश राज्यों में मोहर्रम के जुलूसों और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान होने वाली सांप्रदायिक झड़पों में तीन लोगों के हताहत और कई लोगों के घायल होने के समाचार हैं।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज और सिद्धार्थ नगर में 2 व्यक्तियों की मौत हो गई। इसके अलावा, झारखंड के हज़ारीबाग में हुई सांप्रदायिक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक रास्ते के इस्तेमाल के मुद्दे पर पथराव की घटना को छोड़कर भारत भर में मोहर्रम के जुलूस शांतिपूर्वक निकाले गए।
मोहर्रम की 10 तारीख़ या आशूरा दिवस पर पैग़म्बरे इस्लाम के नवासे इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत की याद में मुसलमानों ने जुलूस निकाले, मातम किया, शरबत और भोजन बांटा और इबादत की।
शिया मुसलमान काले वस्त्र धारण किए हुए थे और जुलूसों में ‘या हुसैन’ के नारे के साथ मातम करते हुए दुख प्रकट कर रहे थे। राजधानी नई दिल्ली में कई ताज़िया जुलूस निकाले गए। इनमें से अधिकांश जुलूस दक्षिण दिल्ली के जोरबाग स्थित कर्बला में संपन्न हुए।
श्रीनगर में पुलिस और प्रशासन ने मोहर्रम का जुलूस निकाले जाने से रोकने के लिए कफ्र्यू जैसी बंदिशें लगा दीं। इसके बावजूद, लोग सड़कें पर निकले और उन्होंने शांतिपूर्ण तरीक़े से जुलूस निकाला। उल्लेखनीय है कि शिया समुदाय के लगभग एक लाख मातम करने वाले अज़ादार इमामबाड़ा ज़डीबल में इकट्ठा हुए थे।
बारिश के बावजूद समुदाय के वरिष्ठ धार्मिक एवं राजनीतिक नेताओं ने जुलूस में हिस्सा लिया। हालांकि, पुलिस ने श्रीनगर के केन्द्र में स्थित अबी गुज़र के परंपरागत रास्ते से जुलूस ले जाने की इजाज़त नहीं दी।
पश्चिम बंगाल में भी मोहर्रम के जुलूस निकाले गए। पार्क सर्कस, राजाबाज़ार, कोलकाता पोर्ट सहित कोलकाता के मुस्लिम बहुल इलाकों के साथ-साथ इससे सटे खिदिरपुर, इकबालपुर, मोमिनपुर और मेटियाब्रुज में बड़ी संख्या में जुलूस निकाले गए।
मोहर्रम के कारण कोलकाता पुलिस ने दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन की अनुमति नहीं दी। दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन रविवार को किया जाएगा।