सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने कहा कि सीरियाई शरणार्थियों के संकट की असली वजह आतंकियों के लिए पश्चिमी देशों की सहायता है।
राष्ट्रपति बश्शार असद ने रूसी संचार माध्यमों से बातचीत के दौरान कहा कि यूरोप ने अभी तक इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि शरणार्थियों के संकट का असली कारण क्या है। उन्होंने कहा कि शरणार्थियों के संकट का असली कारण आतंकियों के लिए पश्चिमी देशों का समर्थन है। बश्शार असद ने कहा कि सीरिया की जनता शांति और सुरक्षा चाहती है। बश्शार असद ने यूरोपीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि आप शरणार्थियों से सहानुभूति रखते हैं तो आतंकियों की मदद बंद कीजिए। उन्होंने कहा कि यदि सीरिया के नागरिकों से आज पूछा जाए कि आप क्या चाहते हैं तो उनका यही उत्तर होगा कि हम अपने देश में शांति और सुरक्षा के इच्छुक हैं।
सीरिया के राष्ट्रपति ने सरकार में शामिल तथा सरकार से बाहर सभी राजनैतिक गुटों से कहा कि वह देश की जनता की इच्छा पूरी करने के लिए एकजुट हो जाएं। उन्होंने सीरिया के संकट को राजनैतिक बातचीत से हल करने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि राजनैतिक वार्ता जारी रहनी चाहिए ताकि किसी परिणाम पर पहुंचा जा सके। उन्होंने कहा कि यह उसी समय हो सकता है जब हम पहले आतंकियों को पराजित कर दें। बश्शार असद ने कहा कि जब तक देश के आम नागरिकों का ख़ून बहना बंद नहीं होगा उस समय तक कोई भी राजनैतिक प्रक्रिया सफल नहीं होगी।