फ़िलिस्तीन ने ज़ायोनी शासन की जेलों में बंद फ़िलिस्तीनी बंदियों की स्थिति की समीक्षा के लिए अरब संघ की आपातकालीन बैठक की मांग की है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार फ़िलिस्तीनी बंदियों के मामले के प्रभारी ईसा क़राक़अ ने शुक्रवार को अरब संघ के महासचिव नबील अरबी के साथ मुलाक़ात में उनसे ज़ायोनी शासन की जेलों में बंद फ़िलिस्तीनियों की स्थिति की समीक्षा के लिए अरब संघ की आपातकालीन बैठक की मांग की।
ईसा क़राक़अ ने कहा कि उन्होंने नबील अरबी के साथ होने वाली मुलाक़ात में ज़ायोनी शासन की संसद और मंत्रीमंडल में हाल में पास होने वाले क़ानून की, जिनमें फ़िलिस्तीनी बंदियों के अधिकारों के हनन पर बल दिया गया है, समीक्षा की है।
उन्होंने इस मुलाक़ात में नबील अरबी को इस्राईली जेलों में बंद छह हज़ार से अधिक क़ैदियों की विषम परिस्थितियों से भी अवगत कराया। ज्ञात रहे कि 480 से अधिक फ़िलिस्तीनियों को बिना मुक़द्दमा चलाये और बिना चार्जशीट के इस्राईली जेलों में बंद करके रखा गया है और उनकी गिरफ़्तारी की अवधि में वृद्धि की जाती रहती है।