ईरान के उप विदेश मंत्री ने ज़ायोनियों द्वारा एक फ़िलिस्तीनी शिशु को ज़िंदा जलाकर मार दिए जाने की कड़ी निंदा की है।
उप विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने रविवार की शाम हमारे संवाददाता से बात करते हुए कहा, फ़िलिस्तीनी बच्चे को ज़िंदा जलाकर मार देने की घटना पिछले दशकों में किए गए लाखों ज़ायोनी अत्याचारों में से एक है।
उन्होंने कहा कि ज़ायोनी शासन एक अवैध शासन है और वह इलाक़े में सरकारी आतंकवाद का प्रसार कर रहा है। अब्दुल्लाहियान का कहना था कि आज इलाक़े में जो अशांति और हिंसा फैली हुई है, इसका मूल कारण इस्राईल है। दुर्भाग्यवश विश्व समुदाय और मानवाधिकारों का दावा करने वाले कुछ देश चुप्पी साधे हुए हैं। ईरान के उप विदेश मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा, अगर यह चुप्पी नहीं टूटेगी तो दुनिया को इसी प्रकार के और अधिक अमानवीय एवं निर्मम अत्याचार देखने के लिए तैयार रहना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार की सुबह अवैध अधिकृत फ़िलिस्तीनी इलाक़ों में बसने वाले ज़ायोनियों ने एक फ़िलिस्तीनी गांव पर हमला करके दो घरों को आग लगा दी थी और एक फ़िलिस्तीनी बच्चे को ज़िंदा जलाकर शहीद कर दिया था।