अमरीकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने कहा है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर वार्ताकार पक्ष समझौते के बहुत निकट हैं, लेकिन इसी के साथ उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अभी भी वार्ता का कोई भी नतीजा निकल सकता है और अगर स्वीकार्य समझौता नहीं होता है तो वाशिंगटन अभी भी वार्ता से बाहर निकल सकता है।
सात जुलाई की समय सीमा से पहले रविवार को वियना में पत्रकारों से बात करते हुए केरी ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम यह देखें कि हम समझौता करने में सक्षम हैं या नहीं। अमरीकी विदेश मंत्री का कहना था कि हमने वार्ता में वास्तविक प्रगति की है। हम एक अच्छा समझौता चाहते हैं।
सोमवार को ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि अभी भी ईरान और विश्व की छः शक्तियों के बीच कुछ मतभेद बाक़ी हैं। अभी तक कुछ स्पष्ट नहीं है, कुछ मतभेद बाक़ी हैं और हम कठिन प्रयास कर रहे हैं।