इराक़ और सीरिया में आईएसआईएल औद्योगिक स्तर पर ऐतिहासिक अवशेषों की लूटमार कर रहा है।
संयुक्त राष्ट्र संघ की सांस्कृतिक मामलों की संस्था युनेस्को ने सीरिया और इराक़ में ऐतिहासि अवशेषों की लूट खसोट पर गहरी चिंता जताई है। युनेस्को की प्रमुख इरीना बोकोवा ने कहा कि इराक़ के विश्व ख्याति रखने वाले लगभग दस हज़ार ऐतिहासिक स्थलों का बीस प्रतिशत भाग पूरी तरह आईएसआईएल के हाथों लूटा जा चुका है जबकि दूसरे हज़ारों स्थलों के बारे में कुछ पता नहीं कि वहां क्या हो रहा है। बृहस्पतिवार को लंदन में विशेषज्ञों की बैठक में बोकोवा ने कह कि सीरिया में भी कई ऐतिहासिक स्थलों की वह हालत हो गई है कि अब वह इतिहासकारों के किसी काम के नहीं रहे हैं। युनेस्को ने लीबिया में भी ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा को गहरी चिंता का विषय बताया है। सीरिया और इराक़ में आईएसआईएल के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में धरती के अति मूल्यवान ऐतिहासिक स्थल मौजूद हैं।