मिस्र के विश्व विख्यात अलअज़हर विश्वविद्यालय का कहना है कि आतंकवादी गुट आईएसआईएल से अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर निबटा जाए। अलअज़हर के प्रमुख डाक्टर अहमद तय्यब ने कुवैत, ट्यूनीशिया और फ़्रांस में की जाने वाली आतंकवादी कार्यवाहियों की निंदा करते हुए आईएसआईएल से अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर निबटने की मांग की है। उन्होंने कुवैत के शासक से टेलिफोनी वार्ता में शुक्रवार को मस्जिद में की जाने वाली आत्मघाती कार्यवाही की कड़े शब्दों में निंदा की। अलअज़हर के प्रमुख डाक्टर अहमद तय्यब ने कहा कि आईएसआईएल की कार्यवाही इस्लामी शिक्षाओं के प्रतिकूल है बल्कि किसी भी धर्म में इसकी अनुमति नहीं दी गई है।
डाक्टर अहमद तय्यब ने एक अलग बयान जारी करके टुयूनीशिया और फ़्रांस में की जाने वाली आतंकवादी कार्यवाहियों की भी निंदा करते हुए कहा कि इससे पहले भी हमने चेतावनी दी थी कि इस प्रकार की आतंकवादी कार्यवाहियां केवल इस्लामी देशों तक सीमित नहीं रहेंगी बल्कि यह योरोप और अमरीका को भी अपनी चपेट में लेंगी। उन्होंने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा इन आतंकवादी कार्यवाहियों को हल्के में लेना बिल्कुल भी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की आतंकवादी कार्यवाहियों का जवाब, अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर समन्वित कार्यवाही करके ही दिया जा सकता है।