लेबनान के हिज़्बुल्लाह आंदोलन के महासचिव सैयद हसन नसरुल्लाह ने कहा है कि आज यमन में सऊदी अरब को वैसी ही समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है जैसी समस्याओं का सामना उसने ईरान में इस्लामी क्रांति के समय किया था।
लेबनान के हिज़्बुल्लाह आंदोलन के महासचिव ने यमनी जनता के समर्थन के लिए ईरान के कुम नगर में आयोजित सम्मेलन के लिए अपने संदेश में कहा है कि सऊदी अरब, यमन की जनता की सहायता के दावे के साथ इस देश की महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की हत्या कर रहा है और उनके संघर्ष को खत्म करना चाहता है। सैयद हसन नसरुल्लाह ने रविवार को सम्मेलन में पढ़े जाने वाले अपने इस संदेश में कहा है कि सऊदी अरब, स्वाधीनता के लिए संघर्ष करने वाली यमनी जनता का अपने समस्त साधनों का प्रयोग करके दमन कर रहा है और मैं यह स्पष्ट रूप से कह रहा हूं कि सऊदी अरब को यमन में बहुत सी समस्याओं का सामना है और यह वैसी ही समस्याएं हैं जैसी उसे ईरान में इमाम खुमैनी के नेतृत्व में इस्लामी क्रांति के समय देखनी पड़ी थीं। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब यमन में एसी सरकार चाहता है तो इस्लाम के नाम पर सऊदी अरब की पिट्ठू रहे। उन्होंने अपने संदेश के अंत में विश्व भर के पीड़ितों की सहायता करने वाले एक मात्र देश के रूप में इस्लामी गणतंत्र ईरान की सुरक्षा के लिए दुआ की। कुम नगर में होने वाले इस सम्मेलन में असांरुल्लाह के प्रतिनिधि सहित कई महत्वपूर्ण हस्तियों ने भाषण दिया।