इराक़ के स्वंयसेवी बल अलहश्द अश्शाबी के समर्थन में इस देश की जनता ने बग़दाद में प्रदर्शन किया।
समाचार एजेंसी अलमसला के अनुसार, शनिवार को हज़ारों की संख्या में इराक़ी जनता बग़दाद के केन्द्र में स्थित स्कवाएर पर इकट्ठा हुयी और स्वंयसेवी बल अलहश्द अश्शाबी के समर्थन मे नारे लगाए।
इराक़ी जनता ने देश के विभिन्न इलाक़ों से तकफ़ीरी आतंकवादियों के सफ़ाए के लिए स्वंयसेवी बल की कोशिशों की सराहना की और इराक़ी सरकार से स्वंयसेवी बल को हथियारों और पैसों की मदद बढ़ाने की मांग की। इसी परिप्रेक्ष्य में इराक़ के अंबार प्रांत की परिषद के सदस्य राजेअ अलईसावी ने कहा कि 2 हज़ार स्वंयसेवी पूर्वी रमादी के ख़ालेदिया इलाक़े पहुंच गए हैं ताकि तकफ़ीरी आतंकवादियों से निपटने में सुरक्षा बलों की सहायता करें। इसी प्रकार अलईसावी ने बताया कि जिन इलाक़ों से तकफ़ीरियों का सफ़ाया हो गया है वहां सैकड़ों परिवार वापस लौट रहे हैं। इराक़ी सुरक्षा बलों ने पूर्वी रमादी के हुसैबा में आईएसआईएल के आतंकवादियों के हमलों को नाकाम बनाया जिसके दौरान 16 तकफ़ीरी ढेर हो गए। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, सामर्रा आप्रेशन कमान ने इस पवित्र नगर के पश्चिम में स्थित अलजज़ीरा इलाक़े में सुरक्षा कार्यवाही के दौरान 18 आतंकवादियों के मारे जाने और उनके 5 वाहनों के तबाह किए जाने की ख़बर दी है। दूसरी ओर आईएसआईएल ने अपने दसियों सदस्यों को उस वक़्त गोली मार दी जब वे सलाहुद्दीन प्रांत के केन्द्र तिकरीत के उत्तर में बीजी क्षेत्र में इराक़ के स्वंयसेवी बल और सेना से लड़ने के बजाए फ़रार कर रहे थे।