इराक़ के सद्र धड़े के प्रमुख ने कहा है कि देश, जनता के प्रयासों से ही आतंकवादियों से मुक्त हो सकता है।
अलआलम टीवी चैनेल की रिपोर्ट के अनुसार मुक़तदा सद्र ने मंगलवार को एके बयान जारी करके कहा है कि हर इराक़ी को देश के अतिग्रहित क्षेत्रों को स्वतंत्र कराने और पवित्र स्थलों की रक्षा के लिए प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई को विश्वासघात माना जाएगा। आईएसआईएल के स्वयंभू ख़लीफ़ा अबू बक्र बग़दादी द्वारा पवित्र नगर करबला पर हमले संबंधी बयान पर मुक़तदा सद्र ने कहा कि इस समय इराक़ पर भयानक हमले किये जा रहे हैं किंतु प्रतिरोधकर्ता, करबला सहित समस्त पवित्र स्थलों की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम किसी भी स्थिति में आतंकवादियों को पवित्र स्थलों पर आक्रमण करने की अनुमति नहीं देंगे।
ज्ञात रहे कि एक ऑडियो में आईएसआईएल के पूर्व प्रमुख अबू बक्र अलबग़दादी को यह कहते हुए बताया गया है कि रुमादी के बाद बग़दाद और करबला का नंबर है।
उल्लेखनीय है कि आतंकवादी गुट आईएसआईएल ने पिछले साल गर्मियों में इराक़ के कुछ क्षेत्रों पर नियंत्रण कर लिया था जिसके बाद उसने इराक़ में जघन्य अपराध किये हैं।