ज़ायोनी सैनिकों ने पत्रकारों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन का दमन करते हुए उनके विरुद्ध हिंसक कार्यवाही की।
फ़िलिस्तीन की मआ समाचार एजेन्सी के अनुसार फ़िलिस्तीन के पत्रकारों ने शनिवार को विश्व पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पश्चिमी तट के बैत लहम नगर में शांतिपूर्ण जुलूस निकाला था। इस जुलूस पर ज़ायोनी सैनिकों ने आक्रमण कर दिया जिसके परिणाम स्वरूप कई फ़िलिस्तीनी पत्रकार घायल हो गए। ज़ायोनी सैनिकों ने फ़िलिस्तीनी प्रदर्श्नकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। उल्लेखनीय है कि अप्रैल से अब तक ज़ायोनियों की ओर से 20 पत्रकारों को गिरफ़्तार किया जा चुका है। उधर ग़ज़्ज़ा पर ज़ायोनियों के 50 दिवसीय आक्रमण के दौरान 17 पत्रकार मारे गए थे। मारे जाने वाले पत्रकारों में एसोसिएटेड प्रेस के लिए काम करने वाला इटली का एक पत्रकार भी सम्मिलित है।