पाकिस्तान के विदेशमंत्रालय ने काबुल के उस आरोप को रद्द कर दिया है जिसमें दावा किया गया है कि पाकिस्तानी तालेबान ने अफगानिस्तान में हमला किया है।
प्राप्त समाचारों के अनुसार पाकिस्तान के विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता तसनीम असलम ने गुरूवार को इस बारे में कहा कि इस बात का कोई प्रमाण पेश नहीं किया गया है कि अफगानिस्तान में हालिया आतंकवादी हमले को पाकिस्तानी तालेबान ने अंजाम दिया है। तसनीम असलम ने अफगानिस्तान से मांग की है कि आतंकवाद से मुकाबले में वह सीमा पर इस्लामाबाद के साथ निकट सहकारिता करे। उन्होंने बल देकर कहा कि इस संबंध में अफगानिस्तान अपनी जानकारियों से पाकिस्तान को भी अवगत कराये। पाकिस्तान के विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता ने अफगानिस्तान में शांति- प्रक्रिया के प्रति इस्लामाबाद के समर्थन के बारे में कहा कि अगर अफगानिस्तान में शांति व सुरक्षा स्थापित हो जाये तो सीमावर्ती क्षेत्रों में भी शांति व सुरक्षा स्थापति हो जायेगी। पाकिस्तान के विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता की यह प्रतिक्रिया अफगानिस्तान के गृहमंत्रालय के उस बयान के बाद आयी है जिसमें कहा गया है कि पाकिस्तानी तालेबान के बहुत सदस्य अफगानिस्तान में इस गुट के सदस्यों से जा मिले हैं। तालेबान ने पिछले सप्ताह से अफगानिस्तान के कुन्दूज़ प्रांत में अपने हमलों को दोबारा आरंभ कर दिया है और दावा किया है कि वह पूरे अफगानिस्तान में हमले करेगा।