26 नवंबर 2024 - 16:44
  सज्जाद नोमानी ने माफी मांगी, भाजपा नेता कार्रवाई की मांग पर अड़े

मौलाना ने खुद स्वीकार किया है कि उनके बयान ने एक धर्म को भड़काने और दूसरे समाज की भावनाओं को आहत करने का काम किया। ऐसे में उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

महाराष्ट्र चुनाव के दौरान चर्चा में आए मौलाना सज्जाद नोमानी ने अपने बयान पर माफी मांग ली है। चुनाव परिणाम आने के बाद मौलाना नोमानी ने एक पत्र जारी कर बिना शर्त माफी मांगी और कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। 

मौलाना सज्जाद नोमानी ने एक माफीनामे जारी करते हुए कहा कि उनके बयान को संदर्भ से बाहर देखना अनुचित होगा।  उन्होंने कहा, ‘मेरा बयान सितंबर 2024 का है, जो महाराष्ट्र चुनाव से बहुत पहले का है। मैंने यह बात उन लोगों के संदर्भ में कही थी, जिनसे लोकसभा चुनाव में उनके मतदान के मौलिक अधिकार को छीना गया था। यह बयान किसी समुदाय के खिलाफ नहीं था, न ही इसका उद्देश्य किसी की भावनाएं आहत करना था। फिर भी, यदि मेरे शब्दों से किसी की भावना को ठेस पहुंची है, तो मैं अपने शब्द वापस लेता हूं और बिना शर्त माफी मांगता हूं। 

सज्जाद नोमानी के बयान के बाद भी बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने कहा कि माफी मांगने से यह स्पष्ट हो गया है कि उनका बयान भड़काऊ था और इससे समाज में तनाव पैदा हुआ। उन्होंने कहा, ‘मौलाना ने खुद स्वीकार किया है कि उनके बयान ने एक धर्म को भड़काने और दूसरे समाज की भावनाओं को आहत करने का काम किया। ऐसे में उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।