कांग्रेस ने NEET UG Row 2024 मेडिकल की नीट परीक्षा में धांधली की आशंका को लेकर देश भर में उठ रही आवाजों के मद्देनजर एक बार फिर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस ने दावा किया है कि वर्तमान सरकार के शासन में नीट परीक्षा प्रतिभावन छात्रों को सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश नहीं देने पेपर लीक और धांधली का खेल बन गया है।
नीट परीक्षा परिणामों (NEET UG Exam Result) के खिलाफ बढ़ते आक्रोश को देखते हुए कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में धांधली के आरोपों की फोरेंसिक जांच कराने की मांग करते हुए कहा है कि केवल इसके जरिए ही लाखों युवा छात्रों के भविष्य की रक्षा की जा सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस मामले में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) का बचाव किए जाने को लेकर उन्हें आड़े हाथों लिया है।
खरगे ने कहा कि मंत्री नीट घोटाले को ढंकने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर नीट में पेपर लीक नहीं हुआ था तो इस मामले में बिहार में 13 आरोपियों को क्यों गिरफ्तार किया गया? क्या पटना पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने पेपर के बदले में शिक्षा माफिया और रैकेट में शामिल संगठित गिरोहों को 30 लाख रुपये से 50 लाख रुपये के भुगतान का पर्दाफाश नहीं किया? गुजरात के गोधरा में नीट-यूजी में धोखाधड़ी करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ नहीं हुआ है? जिसमें कोचिंग सेंटर चलाने वाले एक व्यक्ति, एक शिक्षक और एक अन्य व्यक्ति समेत ती लोग शामिल हैं।
गुजरात पुलिस के अनुसार, आरोपियों के बीच 12 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन सामने आया है, कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार जनता की आंखों में धूल झोंक 24 लाख युवाओं के अरमानों का गला घोंटने का काम किया है। मार्क्स और रैंक में बड़ी धांधली की है, जिससे आरक्षित सीटों का कट ऑफ भी बढ़ गया है।