13 जून 2024 - 04:25
दिल्ली पानी की किल्लत से बेहाल, कब तक प्यास से परेशान रहेगी राजधानी

पानी की किल्लत के बीच राजधानी के कई इलाकों में टैंकरों के जरिए लोगों को पानी की आपूर्ति की जा रही है। अब आलम ये है कि राजधानी में पानी के संकट को लेकर सियासत भी गर्मा चुकी है।

रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच राष्ट्रीयय राजधानी दिल्ली में पानी की किल्लत ने नए संकट को जन्म दे दिया है। देश में जारी भयंकर गर्मी के बीच दिल्ली पानी की बूंद-बूंद को तरस रही है। लोगों को पानी की जुगत में टैंकरों के सामने लंबी कतार में खड़ा होना पड़ रहा है।

भयंकर गर्मी की मार झेल रही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पानी का संकट भी अब और बढ़ता जा रहा है। बढ़ते जल संकट के चलते दिल्ली के लोगों की समस्या भी बढ़ चुकी है। वहां पानी की किल्लत के बीच राजधानी के कई इलाकों में टैंकरों के जरिए लोगों को पानी की आपूर्ति की जा रही है। अब आलम ये है कि राजधानी में पानी के संकट को लेकर सियासत भी गर्मा चुकी है।

ऐसे में दिल्ली सरकार दिल्ली के पानी संकट पर अब हरियाणा सरकार को घेर रही है। वहीं हरियाणा सरकार उल्टा दिल्ली सरकार को पानी की किल्लत के लिए दोषी ठहरा रही है। जिसके बाद ये मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा, जहां कोर्ट ने हिमाचल को दिल्ली की जरूरत के लिए पानी छोड़ने का कहा था। वहीं हरियाणा सरकार को भी ये कहा गया कि इस पानी को दिल्ली तक पहुंचाया जाए।