पाकिस्तान तहरीके इंसाफ के संस्थापक पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इन दिनों जेल में हैं। जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने 15 फरवरी 2024 को एक बार फिर देश में हुए चुनावों में धांधली की बात करते हुए अमेरिका से आग्रह किया कि उनके देश में हाल में हुए आम चुनावों में हुई ‘‘धांधली’’ को लेकर उसे आवाज उठानी चाहिए।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी ने आरोप लगाया है कि आठ फरवरी के आम चुनाव ‘निष्पक्ष रूप से संपन्न नहीं हुए’ और ‘‘चुनाव परिणामों में धांधली हुई है। बता दें कि इमरान खान की पार्टी ‘PTI’ द्वारा समर्थित 100 से अधिक निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है।
रावलपिंडी की अदियाला जेल में पार्टी नेताओं की एक बैठक के बाद ‘PTI’ नेता असद कैसर ने मीडियाकर्मियों को बताया कि पार्टी ने उमर अयूब खान को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में नामित किया है।
कैसर ने कहा, ‘‘खान ने संदेश दिया है कि अमेरिका को चुनावों में कथित धांधली के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। इमरान ने कहा है कि अमेरिका ने समुचित ढंग से अपनी भूमिका नहीं निभाई है। ‘PTI’ नेता ने दावा किया कि खान का संदेश है कि ‘‘अमेरिका के पास एक मौका है और उसे चुनावों में धांधली के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका लोकतंत्र का समर्थक है तो उसे आवाज उठानी चाहिए।