29 सितंबर 2023 - 09:26
पाकिस्तान,मस्जिद के पास धमाका, 52 लोगों की मौत; 130 से ज्यादा घायल

एक आत्मघाती हमलावर ने डीएसपी की कार के बगल में खुद को उड़ा लिया। विस्फोट में लगभग 52 लोग मारे गए और 130 से अधिक घायल हो गए।


पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के एक मस्जिद के पास एक आत्मघाती हमले में लगभग 52 लोगों की मौत हो गई है। इस हमले में 130 से अधिक लोग इस हमले में घायल हो गए हैं। पैग़ंबरे इस्लाम का यौमे विलादत मनाने के लिए एक रैली के लिए जब लोग जमा हुए थे उसी दौरान यह हादसा हुआ है। मृतकों में मस्तुंग के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) भी शामिल हैं।

जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, विस्फोट मस्तुंग जिले में मदीना मस्जिद के पास हुआ। मृतकों में मस्तुंग डीएसपी नवाज गशकोरी भी शामिल हैं। वह हमले के दौरान रैली के लिए ड्यूटी पर थे।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ईदे मिलादुन नबी मनाने के लिए जब लोग जमा हो रहे थे, इसी दौरान यह विस्फोट हुआ। सिटी स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) मोहम्मद जावेद लेहरी ने कहा कि एक आत्मघाती हमलावर ने डीएसपी की कार के बगल में खुद को उड़ा लिया। विस्फोट में लगभग 52 लोग मारे गए और 130 से अधिक घायल हो गए। इनमें से कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।