9 मई 2023 - 12:29
क्या अब ईरान के इस एलान के बाद, इस्राईल के डरने का वक़्त आ गया है?

ईरान के रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद रज़ा आश्तियानी ने कहा है कि तेहरान सीरियाई सेना को आधुनिक हथियार और सैन्य उपकरण देने के लिए तैयार है।

अपने सीरियाई समकक्ष लेफ़्टिनेंट जनरल अली मोहम्मद अब्बास से मुलाक़ात में आश्तियानी ने कहाः उनका देश, सीरिया को सबसे उन्नत रक्षात्मक हथियार और उपकरण देने के लिए तैयार है।

सिर्फ़ इतना ही नहीं, बल्कि ईरानी रक्षा मंत्री का कहना था कि हम सीरिया में रणनीतिक रक्षा उत्पादों के लिए उत्पादन लाइनें शुरू करने के लिए तैयार हैं, ताकि प्रतिरोध के अग्रिम मोर्चे पर स्थित इस अरब देश के रक्षा बुनियादी ढांचे को मज़बूत बनाया जा सके और देश की सैन्य शक्ति को बढ़ावा जा सके।

उन्होंने कहा कि घरेलू शक्ति पर निर्भरता किसी भी देश के लिए ताक़त का सबसे महत्वपूर्ण और भरोसेमंद स्रोत है। इसीलिए ईरान ने ज़मीन, समुद्र और एयरोस्पेस के क्षेत्रों में घरेलू शक्ति पर भरोसा करते हुए इसे मज़बूत बनाया है।

ग़ौरतलब है कि आत्मसमर्पण नहीं करने और प्रतिरोध का मार्ग अपमाने के कारण सीरिया, अवैध ज़ायोनी शासन और उसके पश्चिमी सहयोगियों के निशाने पर रहा है। हालिया वर्षों में इस्राईल ने सीरिया की वायु सीमा का उल्लंघन करते हुए सैकड़ों बार इस देश पर हवाई हमले किए हैं।

ज़ायोनी शासन ने सीरिया के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण गोलान हाइट्स इलाक़े पर अवैध क़ब्ज़ा भी कर रखा है।

ईरान ने एक मित्र देश के तौर पर जहां आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में सीरिया का भरपूर साथ दिया है, वहीं अतिक्रमणकारी ज़ायोनी शासन के मुक़ाबले में रक्षात्मक शक्ति को मज़बूत बनाने में भी वह सीरिया की मदद कर रहा है। msm  

342/