8 मई 2023 - 10:03
अरब लीग में सीरिया की वापसी के लिए अनुकूल हालात, विदेश मंत्रियों की सहमति

अरब लीग के विदेश मंत्रियों की बैठक में इस संगठन में सीरिया की वापसी के संकेत मिल रहे हैं।

मिस्र की राजधानी क़ाहेरा में अरब लीग के विदेश मंत्रियों की बैठक हो रही है और जानकार सूत्रों के हवाले से मीडियों में ख़बर आई है कि अरब देशों के विदेश मंत्री अरब लीग में सीरिया की वापसी पर सहमत हैं।

आगामी 19 मई को जिद्दा में अरब लीग की शिखर बैठक होने वाली है और इससे लगभग दो हफ़्ते पहले क़ाहेरा में संगठन के विदेश मंत्रियों की बैठक हो रही है जिसके एजेंड में अरब लीग में सीरिया की वापसी का विषय मुख्य रूप से शामिल है।

अलअरबिया टीवी चैनल ने रिपोर्ट दी कि बंद दरवाज़ों के पीछे होने वाली बैठक में विदेश मंत्रियों ने सहमति जताई है कि सीरिया 12 साल बाद अरब लीग में वापस आए। विदेश मंत्रियों के बीच जिस बयान पर सहमति बनी है उसमें लिखा गया है कि आज 7 मई से अरब लीग की बैठकों में सीरिया के प्रतिनिधिमंडलों की शिरकत बहाल हो जाएगी।

इससे पहले अरब लीग के प्रवक्ता जमाल रुश्दी ने कहा था कि सीरिया के विषय पर आज फ़ैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में सऊदी अरब और जार्डन में इससे पहले बातचीत हो चुकी है जबकि सीरियाई शरणार्थियों की पड़ोसी देशों से अपने वतन वापसी, सीरिया के सारे इलाक़ों पर इस देश की सरकार की संप्रभुता की बहाली और मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम जैसे विषयों पर भी बहस हो रही है।

सीरिया, जार्डन, सऊदी अरब, इराक़ और मिस्र के विदेश मंत्रियों की बैठक में भी इस विषय पर विस्तार से बातचीत हुई।

अरब लीग ने नवम्बर 2011 में सीरिया पर राजनैतिक और आर्थिक प्रतिबंध का एलान करते हुए संगठन में इस देश की सदस्यता स्थगित कर दी थी।

342/