15 अप्रैल 2023 - 20:59
बग़दाद को इससे बहुत खुशी है कि बहुत निकट आ चुके हैं दमिश्क़ और रियाज़

इराक़ ने सीरिया और सऊदी अरब के संयुक्त घोषणापत्र का खुलकर स्वागत किया है।

सीरिया की सरकारी समाचार एजेन्सी साना के अनुसार इराक़ के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करके बताया है कि बग़दाद को आशा है कि सऊदी अरब और सीरिया के प्रयास दोनो देशों के बीच एकजुटता और सामंजस्य को मज़बूत करने में सहायक सिद्ध होंगे। 

इराक़ की ओर से जारी किये गए बयान में कहा गया है कि यह देश सीरिया संकट के समाधान के लिए किये गए हर प्रयास का स्वागत करता है।  इस संकट के शांतिपूर्ण समाधान का इराक़, पूरी तरह से समर्थन करता है।  बयान के अनुसार सीरिया को वापस अरब जगत में लाने और वहां के संकट का समाधान करने के लिए बग़दाद, यथासंभव प्रयास करता रहेगा। 

याद रहे कि सऊदी अरब के जद्दा नगर में इस देश के विदेशमंत्री ने सीरिया के अपने समकक्ष के साथ बैठक करने के बाद एक बयान जारी किया था जिसमें कूटनैतिक संबन्धों को पुनः स्थापित करने और दोनो देशों के बीच हवाई उड़ानों को शुरू करने के साथ ही आतंकवाद के स्वरूप का डटकर मुक़ाबला करने की बात कही गई थी। 

उल्लेखनीय है कि सन 2011 में सीरिया संकट के आरंभ होने के बाद ही सऊदी अरब और कुछ अन्य अरब देशों ने दमिश्क़ में अपने दूतावासों को बंद करके सीरिया के कूटनैतिक संबन्ध तोड़ लिए थे किंतु सीरिया में सक्रिय आतंकी गुटों के साथ उनका संपर्क बना हुआ था जिनकी सहायता यह देश कर रहे थे।

342/