दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने रूस-यूक्रेन युद्ध के मामले पर बातचीत की। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के बीच गुरूवार को दिल्ली में यह संक्षिप्त मुलाकात हुई। यूक्रेन युद्ध के दौरान पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के बीच यह पहली उच्च स्तरीय मुलाकात थी। इस मौके पर अमेरिकी विदेशमंत्री ने अपने रूसी समकक्ष के सामने यह बात एक बार फिर कही कि अमेरिका यूक्रेन का समर्थन करता रहेगा।
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने लावरोव से कहा कि अमेरिका यूक्रेन का समर्थन पहले की तरह ही जारी रखेगा। रूस ने अमेरिका के इस रुख पर आपत्ति जाहिर की। रूस की एक अधिकारी ने कहा कि ब्लिंकन और लावरोव के बीच जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर संक्षिप्त बातचीत हुई। रूसी विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने जी-20 बैठक के दूसरे सत्र के दौरान विदेश मंत्री लावरोव से संपर्क करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की मुलाकात हुई, लेकिन कोई बैठक या वार्ता नहीं हुई। दोनों नेताओं की मुलाकात ऐसे वक्त हुई जब एक सप्ताह पहले रूस ने अमेरिका के साथ परमाणु हथियारों को लेकर ‘न्यू स्टार्ट’ संधि से अपनी भागीदारी निलंबित करने की घोषणा की थी। ब्लिंकन ने जी-20 बैठक में कहा कि हमें अंतरराष्ट्रीय शांति और आर्थिक स्थिरता के लिए रूस से अपने युद्ध को समाप्त करने और यूक्रेन से सैनिकों को हटाने का आह्वान करना जारी रखना चाहिए। mm
342/