प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, इस्लामी गणराज्य के राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी ने बुधवार को बेलारूस के प्रधानमंत्री रोमन गोलोवचेंको के साथ हुई बैठक में जहां दोनों नेताओं ने इस बात को माना कि दोनों देशों के बीच हमेशा से मित्रतापूर्ण संबंध रहे हैं वहीं इस बात पर बल दिया कि भविष्य में आपसी सहयोग और संबंधों के विस्तार पर और अधिक कार्य किए जाएं। इस मुलाक़ात में ईरान के राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी ने कहा कि साम्राज्यवादी शक्तियों की ओर से जिन स्वतंत्र देशों पर क्रूर प्रतिबंध लगाए गए हैं उन्हें निष्क्रिय और बेअसर बनाने का एक बेहतरीन रास्ता यह है कि सभी स्वतंत्र देश आपसी संबंधों को मज़बूत और आपसी सहयोग में विस्तार करें। राष्ट्रपति रईसी ने कहा कि आज ईरान ऐसे सभी देशों के लिए एक मिसाल बन चुका है जो प्रतिबंधों से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभूतपूर्व और क्रूर प्रतिबंधों के बावजूद आज ईरान ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है विशेषकर आर्थिक क्षेत्र में। राष्ट्रपति रईसी ने कहा कि आज, ईरान और बेलारूस के पास एक दूसरे के साथ आपसी सहयोग के विस्तार और विकास के लिए विविध और प्रभावशाली क्षमताएं हैं।
इस मुलाक़ात में बेलारूस के प्रधानमंत्री रोमन गोलोवचेंको ने क्षेत्रीय देशों के बीच आपसी संबंधों के विस्तार के क्षेत्र में ईरान द्वारा किए जा रहे प्रयासों और उसके दृष्टिकोणों की जमकर तारीफ़ की और कहा कि आज ईरान और बेलारूस के बीच संबंधों में आई मज़बूती ईरान के इसी दृष्टिकोण का नतीजा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच हमेशा से मित्रतापूर्ण संबंध रहे हैं और तेहरान और मिन्स्क का अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी रचनात्मक आपसी सहयोग रहा है। बेलारूस के प्रधानमंत्री ने कहा कि आज, दोनों देशों के बीच राजनीतिक समन्वय उच्चतम स्तर पर है और साथ ही समय आ गया है कि आर्थिक संबंधों का विस्तार किया जाए। बेलारूस के प्रधानमंत्री ने पिछले एक साल में दोनों देशों के बीच व्यापार में तीन गुना वृद्धि की ओर भी इशारा किया और कहा कि हमने आपसी सहयोग के विस्तार के लिए रोडमैप तैयार किया है। उन्होंने कहा कि साथ ही हमने संबंधों के स्तर में सुधार के लिए विषयों को सटीक तरीक़े से निर्धारित किया है ताकि हम उन्हें जल्दी से लागू और संचालित कर सकें। (RZ)
342/