6 अगस्त 2021 - 19:14
ईरान और भारत, संबंधों को और अधिक बेहतर बना सकते हैं, अफ़ग़ानिस्तान में भारत की कार्यवाही का तेहरान स्वागत करता है

राष्ट्रपति डाक्टर इब्राहीम रईसी ने तेहरान और नई दिल्ली के बीच संबंधों में विस्तार के लिए नये क़दम उठाने पर बल दिया है।

राष्ट्रपति सैयद रईसी ने भारतीय विदेशमंत्री एस जयशंकर से मुलाक़ात में कहा कि ईरान और भारत को आज से नये नज़रिए से, क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय तथा द्विपक्षीय संबंधों में विस्तार के लिए नये और सबसे अलग क़दम उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि ईरान की सरकार पड़ोसी तथा क्षेत्रीय देशों विशेषकर भारत के साथ संबंधों में विस्तार की नीति को पूरी ताक़त से आगे बढ़ाएगी। उनका कहना  कि विभिन्न क्षेत्रों विशेषकर आर्थिक, व्यापारिक और नवीन तकनीक के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच अपार क्षमताएं पायी जाती हैं जिन्हें संबंधों के स्तर को मज़बूत करने के लिए प्रयोग किया जाना चाहिए।

राष्ट्रपति रईसी ने तेहरान-नई दिल्ली के संबंधों के स्तर को बढ़ाने के मार्ग में संयुक्त कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सहयोग के संयुक्त कार्यक्रम के अंतर्गत हम दोनों राष्ट्रों के हितों की परिधि में दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए अहम क़दम उठा सकते हैं।

सैयद ईरान रईसी ने कहा कि ईरान और भारत, क्षेत्र की सुरक्षा विशेषकर अफ़ग़ानिस्तान की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने में महत्वपूर्ण और सार्थक भूमिका अदा कर सकते हैं और अफ़ग़ानिस्तान में शांति स्थापित करने में नई दिल्ली की भूमिका का तेहरान स्वागत करता है।

सैयद इब्राहीम रईसी ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान का भविष्य केवल अफ़ग़ान जनता ही निर्धारित करे और हमें पूरा विश्वास है कि अगर अमरीकी इस हवाले से आग न लगाएं तो यह मामला बहुत जल्द ही हल हो जाएगा।

इस मुलाक़ात में भारत के विदेशमंत्री एस जय शंकर ने शपथग्रहण समारोह में राष्ट्रपति के भाषण का स्वागत करते हुए दोनों देशों के संबंधों में विस्तार का स्वागत किया और कहा कि आप के नज़रिए को हम भारतीय प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के सामने रखेंगे और संबंधों के स्तर को सबसे ऊंच्च स्तर पर ले जाने की कोशिश करेंगे।