रूसी राष्ट्रपति का यह बयान, 16 जून को जनेवा में अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन से उनकी मुलाक़ात के बाद सामने आया है। दोनों नेताओं ने शीत युद्ध की समाप्ति के बाद अमरीका व रूस के संबंधों में बढ़ते हुए तनाव को कम करने के लिए मुलाक़ात की थी जिसे किसी हद तक दोस्ताना बताया गया था। पुतीन ने टीवी से प्रसारित होने वाले अपने बयान में अमरीकी सरकार के साथ वार्ता जारी रखने की बात कही है। उन्होंने कहा कि अगर अमरीका तैयार है तो रूस भी उसके साथ संबंधों की बेहतरी के लिए आगे भी वार्ता के लिए तैयार है।
विलादिमीर पुतीन ने जो बाइडन से अपनी मुलाक़ात को दोस्ताना बताया और कहा कि वार्ता के बाद दोनों नेता, दोनों देशों की अहम समस्याओं को समझने में कामयाब रहे। उन्होंने कहा कि जो बाइडन पेशेवराना इंसान हैं और उनके साथ काम करते हुए हर किसी को चौकन्ना रहना पड़ता है ताकि कोई ग़लती न हो। इससे पहले गुरुवार को रूस के उपविदेश मंत्री ने भी अपने एक बयान में कहा था कि वार्ता के बाद दोनों नेताओं की ओर से परमाणु युद्ध की संभावना को ख़त्म करने पर सहमति, अहम कामयाबी है। 16 जून को हुई मुलाक़ात में पुतीन और बाइडन, राजदूतों की वापसी और परमाणु हथियारों को सीमित करने से संबंधित न्यू स्टार्ट संधि के बारे में बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए थे।