23 अप्रैल 2021 - 18:23
ईरानी मीज़ाइलों की सटीकता, पहले से अधिक बेहतर हो गई हैः जनरल मैकेंज़ी

पश्चिमी एशिया में अमरीका की आतंकी केंद्रीय सैन्य कमान के कमांडर ने ईरान के मुक़ाबले में अमरीका के हवाई प्रभुत्व के ख़ात्मे वाले बयान के कुछ ही दिन बाद यह बात भी मान ली है कि लक्ष्यों को भेदने में ईरान के मीज़ाइलों की सटीकता पहले से बेहतर हो गई है।

सेंटकाम के कमांडर, जनरल फ़्रैंक मैकेंज़ी ने गुरुवार की रात मीज़ाइल क्षेत्र में ईरान की उपलब्धियों की तरफ़ इशारा करते हुए कहा है कि लक्ष्यों को भेदने में ईरान के मीज़ाइलों की सटीकता पहले से बेहतर हो गई है और यह हमारे लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बैलिस्टिक मीज़ाइलों के मामले में ईरान का ख़तरा बहुत अधिक है और संख्या की दृष्टि से भी उसने काफ़ी प्रगति की है।

 

जनरल मैकेंज़ी ने एक पत्रकार सम्मेलन में कहा कि इस समय जो कुछ ईरान व इस्राईल के बीच हो रहा है वह चिंताजनक है लेकिन उन्हें लगता है कि इससे युद्ध नहीं छिड़ेगा। पश्चिमी एशिया में अमरीका की आतंकी केंद्रीय सैन्य कमान के कमांडर ने कहा कि ईरान ने परमाणु मामले में इस समय ऐसा कोई काम नहीं किया है जिससे वापसी संभव न हो।

 

जनरल फ़्रैंक मैकेंज़ी ने मंगलवार को अमरीकी प्रतिनिधि सभा में बताया था कि अमरीका, क्षेत्र में ईरान के मुक़ाबले में अपना वायु प्रभुत्व खो चुका है। उन्होंने कहा था कि ईरान की ओर से जासूसी और हमले की कार्यवाहियों के लिए छोटे, मध्यम और आक्रामक ड्रोनों के व्यापक इस्तेमाल का मतलब यह है कि सन 1950 के दशक के बाद से हम पहली बार संपूर्ण वायु प्रभुत्व के बिना कार्यवाहियां कर रहे हैं।