वियना में विदेश उपमंत्री स्तर की वार्ता के नए दौरे के आयोजन से कुछ ही घंटे पहले अली रबीई ने यह बयान दिया है। उन्होंने पत्रकार सम्मेलन में कहा कि हम सही मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। रबीई ने कहा कि हमें कोई जल्दबाज़ी नहीं है और हम अब कोई नई विशिष्टता वाशिंग्टन को हरगिज़ नहीं देंगे।
रबीई ने कहा कि वाशिंग्टन ने परमाणु डील में वापस आने की बात कही है जिसका हम स्वागत करते हैं लेकिन हम इस मामले में अमरीका की गंभीरता को परखना ज़रूर चाहेंगे।
प्रवक्ता का कहना था कि ईरान ने नतन्ज़ परमाणु केन्द्र पर होने वाले हमले के जवाब में 60 प्रतिशत के ग्रेड तक यूरेनियम का संवर्धन शुरू कर दिया अब अगर परमाणु समझौते पर पूरी तरह अमल शुरू हो गया तो ईरान अपने इस क़दम से पीछे भी हट सकता है।
इस बीच वियेना में वर्किंग ग्रुप्स अमरीकी प्रतिबंधों से जुड़े तकनीकी विषयों की समीक्षा की तैयारी कर रहे हैं और इस बात का जायज़ा लिया जा रहा है कि ईरान इसके जवाब में क्या क़दम उठाएगा।
ईरान के मुख्य वार्ताकार अब्बास इराक़ची ने कहा कि वियेना में परमाणु समझौते के बारे में कोई वार्ता नहीं हो रही है, वार्ता केवल प्रतिबंधों को हटाए जाने के मुद्दे पर हो रही है। उन्होंने कहा कि इस बारे में आख़िरी फ़ैसला तेहरान में मौजूद वरिष्ठ अधिकारी लेंगे जो वार्ता को पूरे ब्योरे से अवगत हैं।