फार्स न्यूज़ के अनुसार सऊदी अरब के सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को इस देश के दक्षिण पश्चिम में स्थित एक गांव के लोगों को उनके घरों से जबरदस्ती निकाल दिया। गांववालों ने जब इसका विरोध किसा तो सुरक्षा बलों ने उनके विरुद्ध बल प्रयोग करते हुए उनकी बुरी तरह से पिटाई की।
इस बारे में सोशल मीडिया पर जो वीडियोज़ जारी किये गए हैं उनमें सऊदी सुरक्षाबलों को बुल्डोज़रों के साथ दिखाया गया है जो घरों को तोड़ रहे हैं। यह सऊदी सुरक्षाबल रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर कर रहे हैं चाहें वह कुछ भी हो। यही कारण है कि उनका विरोध करने वाले लोगों की बर्बरता से पिटाई की जा रही है। कुछ वीडियों में इस गांव के रहने वालों को घायल स्थिति में देखा जा सकता है जिनमे किसी के सिर से ख़ून निकल रहा है तो किसी के शरीर से।
सऊदी अरब के दक्षिण पश्चिम के असीर क्षेत्र में स्थित एक गांव है तन्दहा। यह घटना इसी गांव की बताई जा रही है। यहां के लोगों को ज़बरदस्ती उनके घरों से निकाल कर उनको वहां से दूसरी जगह भेजा जा रहा है जिसपर वहां के लोग राज़ी नहीं हैं।
सऊदी अरब के युवराज की विज़न-2030 नामकी एक योजना है। अपनी इस योजना के माध्यम से वे सऊदी अरब की अर्थव्यवस्था को दुरुस्त करना चाहते हैं। इसी योजना के अन्तर्गत वे एक आधुनिक नगर बसाने चाहते हैं। इस नगर को बसाने के मार्ग में जो भी बाधाएं आ रही हैं उनको वे पूरी शक्ति के साथ हटा रहे हें। तन्दहा नामक गांव, युवराज सलमान की इसी योजना की भेंट चढ़ा है।