शापोशिंक का दावा है कि उनका मोसाद से कोई संबंध नहीं है और वह सिर्फ़ निजी दोस्ती के आधार पर हमज़ा की मदद करना चाहते हैं।
जॉर्डन की न्यूज़ एजेंसी अम्मॉन न्यूज़ ने एक जानकार सूत्र के हवाले से दावा किया है कि रॉय शापोशिंक ने पूर्व क्राउन प्रिंस हमज़ा बिन हुसैन की पत्नी से संपर्क किया है और उन्हें उनके बच्चों के साथ अपने निजी विमान में जॉर्डन से बाहर निकालने का प्रस्ताव दिया है।

रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि शापोशिंक मोसाद के पूर्व अधिकारी हैं। हालांकि जॉर्डन में तख़्तापलट में इस्राईली हाथ होने को लेकर काफ़ी कानाफूसी हो रही है, लेकिन रिपोर्ट में सीधे तौर पर ज़ायोनी शासन पर किसी तरह का आरोप लगाने से बचा गया है।
इस्राईली न्यूज़ वेबसाइट वल्ला से बात करते हुए शापोशिंक ने जॉर्डन प्रिंस के साथ दोस्ती का दावा करते हुए उनके परिवार से संपर्क की बात स्वीकार की है।
वल्ला से बात करते हुए उन्होंने कहाः मैं एक इस्राईली हूं और यूरोप में रह रहा हूं। मेरा मोसाद से कोई संबंध नहीं रहा है। मैं प्रिंस हमज़ा का क़रीबी दोस्त हूं। पिछले हफ़्ते के अंत में हमज़ा ने मुझे घटने वाले घटनाक्रम के बारे में बताया तो मैंने उनकी पत्नी और बच्चों को अपने घर में रखने का प्रस्ताव दिया।
शापोशिंक का दावा है कि उन्हें जॉर्डन में तख़्तापलट के प्रयास का और उसमें शामिल लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
मीडिया सूत्रों का कहना है कि शापोशिंक मोसाद के पूर्व अधिकारी हैं और वह पूर्व इस्राईली प्रधान मंत्री एहूद ओलमर्ट के सलाहकार के रूप में काम कर चुके हैं। इसके अलावा उनके अमरीका की बदमान प्राइवेट सेक्यूरिटी एजेंसी ब्लैक वाटर के संस्थापक एरिक प्रिंस से भी घनिष्ठ संबंध रहे हैं।