8 फ़रवरी 2021 - 12:13
उत्तराखंड आपदा पर ईरान ने संवेदना प्रकट की, कहा भारत सरकार और जनता के साथ खड़े हैं हम

भारत के उत्तराखंड में भयानक आपदा पर इस्लामी गणतंत्र ईरान ने संवेदना प्रकट की है।

भारत के उत्तराखंड के जोशीमठ में रविवार सुबह साढ़े दस बजे के आस पास नंदादेवी ग्लेशियर के फटने के कारण धौलीगंगा नदी में विकराल बाढ़ आ गई थी।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने ग्लेशियर फटने की  आपदा पर भारत की सरकार और इस देश की जनता के प्रति संवेदना प्रकट की है। 

विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता सईद खतीबज़ादे ने उत्तरी भारत में बाढ़ और उसमें  दसियों नागरिकों के मारे जाने पर शोक प्रकट करते हुए भारत की सरकार और जनता विशेषकर प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। 

 याद रहे इस दुर्घटना में एक जलविद्युत परियोजना पर काम कर रहे लगभग 170 श्रमिक लापता हैं।

 भारतीय सेनाओं समेत कई दल राहत कार्यों में जुटे हैं।

प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेकर लौटने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि बाढ़ के रास्ते मे आने वाले मकान बह गए। निचले हिस्सों में मानव बस्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका है और  कई गांव खाली करा लिए गए हैं।