28 जनवरी 2021 - 13:15
आयतुल्लाह ख़ामेनई ने साफ़ शब्दों में कहा था कि न हम वार्ता करेंगे और न ही जंग होगी, यही हुआ भी! सुप्रीम लीडर के एक इशारे पर लाखों लोग जान देने के लिए तैयार हैं

ईरान की इस्लामी क्रांति के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह ख़ामेनई के कार्यालय के प्रमुख हुज्जतुल इस्लाम मुहम्मदी गुलपायगानी ने गुरुवार को एक कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि सुप्रीम लीडर ने जो भविष्यवाणी की थी वह सही निकली। उन्होंने साफ़ कहा था कि हम वार्ता नहीं करेंगे और जंग भी होने वाली नहीं है।

कुछ लोग इस प्रकार की बातें कर रहे थे कि ईरान पर जंग का ख़तरा मंडरा रहा है इसलिए ईरान को चाहिए कि अमरीका से वार्ता कर ले।

हुज्जतुल इस्लाम मुहम्मदी गुलपायगानी ने कहा कि आज हम देख रहे हैं कि अमरीकी अधिकारी ईरान से वार्ता के लिए आग्रह कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अपराधी ट्रम्प हमारे महान कमांडर जनरल सुलैमानी का क़ातिल था, ईश्वर की करनी कुछ एसी रही कि शहीद सुलैमानी की हत्या की बर्सी के अवसर पर ट्रम्प का विनाश हुआ।

हुज्जतुल इस्लाम मुहम्मदी ने कहा कि केवल ईरान नहीं पूरे इलाक़े के अनेक देशों में दसियों लाख लोग एसे हैं जो सुप्रीम लीडर के एक इशारे पर जान दे देने के लिए तैयार हैं। बहुत सारे देशों के लोग आयतुल्लाह ख़ामेनई से मिलने आते हैं तो कहते हैं कि आप दुआ कीजिए कि हमें ईश्वर के मार्ग में शहीद होना नसीब हो।