5 अक्टूबर 2020 - 16:16
हाथरस दलदल में फंसे योगी का आख़िरी वार, पुलिस ने घटना को बताया अंतर्राष्ट्रीय साज़िश, किए बड़े बड़े दावे, भाजपा सांसद आरोपियों से मिलने जेल पहुंचे

उत्तर प्रदेश पुलिस ने दावा किया कि उसने जाति के आधार पर दंगे भड़काने वाली और हाथरस में 19 वर्षीय दलित लड़की के साथ हुई गैंगरेप की घटना के मामले में योगी आदित्यनाथ सरकार को बदनाम करने की एक अंतर्राष्ट्रीय साज़िश का का पता लगाया है।

हाथरस के चंदपा थाने में अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ राजद्रोह सहित आईपीसी की विभिन्न धाराओं में एफ़आईआर दर्ज की गई है।

एक वेबसाइट justiceforhathrasvictim.carrd.co को इस साज़िश से जोड़ा गया गया जिस पर सुरक्षित तरीके से प्रदर्शन करने और पुलिस से बचने की जानकारी थी।

सूत्रों ने बताया कि इस वेबसाइट पर दंगों और पुलिस द्वारा आंसू गैस छोड़े जाने के दौरान सुरक्षित रहने को लेकर भी जानकारियां थीं।

सूत्रों का कहना है कि वेबसाइट पर मौजूद अधिकतर कंटेंट अमेरिका में ब्लैक लाइव्स मैटर्स का प्रदर्शन आयोजित करने वालों से लिए गये थे। गई थी. चंदपा थाना प्रभारी ने एफआईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि की

चंदपा थाने में ही रविवार और सोमवार को राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ सरकारी कार्य में व्‍यवधान और निषेधाज्ञा के उल्‍लंघन जैसे आरोपों में मुक़द्दमा दर्ज कराया गया है।

ज्ञात रहे कि यह एफ़आईआर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उनकी सरकार के ख़िलाफ़ साज़िश रचे जाने का आरोप लगाए जाने के बाद सामने आया है जिसमें मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से देश और प्रदेश में इन जातीय और सांप्रदायिक दंगों की साज़िशों का पर्दाफ़ाश करने के लिए कहा था।

दूसरी ओर हाथरस में 19 वर्षीय दलित युवती के साथ सामूहिक बलात्कार के चार आरोपियों से मिलने के लिए सोमवार को भाजपा सांसद राजवीर सिंह दिलेर ज़िला जेल पहुंचे।

विपक्ष ने इस पर आपत्ति व्यक्त करते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि को उस कारागार में जाने से बचना चाहिए था जहां हाथरस कांड के चारों आरोपी बंद हैं।

दिलेर ने संवाददाताओं को बताया कि वह जेलर के बुलावे पर कारागार परिसर स्थित उनके कार्यालय में चाय पीने गए थे। वह वहां किसी से मिलने नहीं गए थे।

कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि हाथरस कांड पर पूरी दुनिया की नज़र है, ऐसे में हाथरस के सांसद का जेल परिसर में जाना कोई मामूली बात नहीं है, अगर वह आरोपियों से मिलने गए थे तो यह बेहद आपत्तिजनक है।

उधर आरोपियों के समर्थन में हाथरस में उच्च जातियों द्वारा विरोध प्रदर्शन और सभाएं हो रही हैं।

चार अक्तूबर की सुबह हाथरस में भाजपा के एक नेता राजवीर सिंह पहलवान के घर के पर आरोपियों के समर्थन में 500 लोगों की भीड़ जमा हुई थी। इस सभा में मामले के एक आरोपी के परिवारवाले भी शामिल थे।

इस संबंध में राजवीर सिंह पहलवान ने कहा कि बलात्कार नहीं हुआ है, पीड़ित के परिवार ने शुरू में सिर्फ़ एक व्यक्ति का नाम क्यों लिया और फिर एफ़आईआर तीन और नाम शामिल किए गये? उनका दावा था कि  लड़की का गला दबाने और अन्य आरोप झूठे हैं, अब सीबीआई उचित तरीक़े से जांच करेगी।

इससे पहले तीन अक्तूबर को भी हाथरस ज़िले में स्थित पीड़ित परिवार के घर से करीब 500 मीटर दूर ठाकुर समुदाय के सैकड़ों लोगों ने आरोपियों के समर्थन में इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन किया और उनके लिए न्याय की मांग की थी।