29 सितंबर 2020 - 14:14
ट्रम्प और टिकटाॅक का डरावना सपना, इस बार एक फ़ेड्रल जज ने ट्रम्प पर गाज गिरा दी

अमरीका में टिकटाॅक सोशल नेटवर्क के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की डोनल्ड ट्रम्प की कोशिशें अब तक नाकाम रही हैं।

बहुत से अमरकी संचार माध्यमों यहां तक कि खु़द ट्रम्प का ध्यान, अमरीकी राष्ट्रपति के टैक्स से बचने की कोशिशों के बारे में न्यूयाॅर्क टाइम्ज़ की नई रिपोर्ट पर केंद्रित था, एक फ़ेड्रल जज ने सेल फ़ोनों में टिकटाॅक एप्लीकेशन को इंस्टाॅल करने पर प्रतिबंध लगाने संबंधी ट्रम्प के आदेश को रद्द कर दिया। ट्रम्प कोशिश कर रहे हैं कि राष्ट्रपति चुनाव को बचे हुए कुछ हफ़्तों के दौरान चीन के साथ पिछले चार साल से चल रहे निरर्थक विवादों का कुछ न कुछ परिणाम अमरीकी नागरिकों के सामने पेश कर दें लेकिन वे अब तक टिकटाॅक एप्लीकेशन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध नहीं लगा सके हैं हालांकि इसके लिए उन्होंने यह बहाना तक पेश कर दिया कि चीनी सरकार इस एप के माध्यम से अमरीकी नागरिकों की निजी सूचनाओं तक पहुंच बना सकती है। चीन की सरकार और टिकटाॅक की मालिक कंपनी ट्रम्प के दावों को निराधार बताती है। रोचक बात यह है कि ट्रम्प ने कुछ अमरीकी कंपनियों की ओर से टिकटाॅक के शेयरों का एक भाग ख़रीदने की योजना का भी विरोध किया है ताकि इस कंपनी के साथ अमरीका का विवाद, राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान वाले दिन से पहले तक जारी रहे।

 

ट्रम्प ने चीन के मुक़ाबले में अपनी ताक़त का प्रदर्शन करने के लिए हर संभव काम किया है, कोरोना वायरस बनाने और उसके फैलाव में चीन की सरकार का हाथ होने के विचित्र दावों से लेकर हुवावे और बाइट डान्स जैसी कंपनियों की गतिविधियों में चीनी सरकार के हस्तक्षेप के आरोप और टिकटाॅक और वीचैट जैसे एप्लीकेशंस को कंट्रोल करने तक। अलबत्ता इस तरह की हरकतों से उन्हें अपनी पिछली हरकतों की तरह ही कुछ हासिल होने वाला नहीं है। इससे पहले उन्होंने कुछ मुस्लिम देशों के नागरिकों के अमरीका आगमन पर प्रतिबंध लगाया था। ऐसा लगता है कि अमरीका में टिकटाॅक का भविष्य, ट्रम्प के समर्थक व विरोधी जजों के बीच होने वाली कशमकश में ही तय होगा।

 

इस बीच एक और बात भी है जो चीन के साथ टकराव में ट्रम्प के लिए सिरदर्द बन सकती है और वह है अमरीकी नागरिकों की ओर से टिकटाॅक का भरपूर समर्थन। इस एप्लीकेशन के अमरीका में हर महीने लगभग दस करोड़ सक्रिय यूज़र हैं और अगर किसी ठोस वजह के बग़ैर इस ऐप तक उनकी पहुंच रोक दी जाती है तो संभव है कि ट्रम्प को इसका ख़मियाज़ा तीन नवम्बर के चुनाव में भुगतना पड़े। यह बात जो बाइडन के लिए भी समस्या बन सकती है। उन्होंने भी टिकटाॅक को चिंता का विषय बताया है लेकिन उन्होंने ट्रम्प के विपरीत अपने आपको इस मामले मेें सीधे सीधे और गंभीर रूप से शामिल नहीं किया है।

 

अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान में 36 दिन से कम समय बचा है और ट्रम्प की कोशिश है कि कई मोर्चों पर अपने आपको सफल, योग्य व शक्तिशाली राष्ट्रपति दर्शाएं। ऐसा राष्ट्रपति जो चीन व ईरान और कोरोना वायरस से निपटने की शैली के आलोचकों और नस्लवाद के विरोधियों के मुक़ाबले में अपनी बात मनवा कर रहता है। लेकिन टीकाकार यह सवाल पेश कर रहे हैं कि अगर इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए चार साल काफ़ी नहीं थे तो क्या ट्रम्प अगले 36 दिनों में या दूसरे शब्दों में चुनावी प्रतिस्पर्धा के चरम के दिनों में इन सभी लक्ष्यों को या इनके कुछ भागों को हासिल कर सकते हैं? यह वह सवाल है जिसके जवाब के लिए कुछ हफ़्ते इंतेज़ार करना पड़ेगा।