11 अगस्त 2020 - 19:15
सीरिया में एकजुट हुए क़बाइली सरदार, अमरीका और उसके समर्थकों को निकालने का किया एलान! दी एक महीने की मोहलत!

सीरियाके अलअक़ीदात अरब क़बीलों सरदारों ने 11 अगस्त को एक बैठक का आयोजन किया जिसके दौरान उन्होंने घोषणा की कि प्रान्त में क़बाइली सरदारों की हत्या के पीछे अमरीका का हाथ है।

  उन्होंने यह संकल्प किया कि अपने इलाक़े को अमरीका और उसके एजेन्टों से पूरी तरह से साफ किया जाएगा।

     क़बाइली सरदारों ने इसी प्रकार मांग की है कि यह पूरा क्षेत्र अरब क़बाइली सरदारों के हवाले किया जाए।

     स्पूतनिक न्यूज़ एजेन्सी के रिपोर्टर ने हस्का से अपनी रिपोर्ट में बताया है कि लगभग 5 हज़ार लोगों ने अलअक़ीदात के क़बाइली सरदारों की बैठक में भाग लिया।

     इस बैठक में सीरिया के क़बाइली सरदारों ने अपने क्षेत्र में मौजूद अमरीकी सैनिकों और उनके घटक कुर्द लड़ाकों को क्षेत्र छोड़ने के लिए एक महीने का समय दिया है और कहा है कि दैरुज़्ज़ूर प्रान्त से निकलने से पहले उन्हें क़बाइली सरदारों के क़ातिलों को हवाले भी करना होगा।

सीरिया का अलअक़ीदात इलाक़ा अरब बाहुल्य है लेकिन उस पर अमरीका के समर्थन से कुर्द लड़ाकों का क़ब्ज़ा है।

हालिया दिनों में स्थानीय क़बीलों के कई सरदारों की हत्या कर दी गयी और स्थानीय क़बीले , अमरीका और कुर्द लड़ाकों को उनकी हत्या का ज़िम्मेदार समझते हैं।