27 जुलाई 2020 - 13:34
हम अमरीका को पछताने पर मजबूर कर देंगे, हथियारों के प्रतिबंध में अमरीका सफल नहीं होगा, वाशिंग्टन भाग दौड़ न करे , ईरान की खरी खरी

ईरान के खिलाफ हथियारों के प्रतिबंध की अवधि बढ़ाने के लिए अमरीकी प्रयासों के दौरान विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि विश्व समुदाय, अमरीका की गुंडागर्दी पर आधारित गैर कानूनी मांग नहीं मानेगा और वाशिंग्टन अकारण ही मेहनत कर रहा है।

विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अब्बास मूसवी ने सोमवार को एक पत्रकार सम्मेलन में ईरान पर निश्चित रूप से हथियारों के प्रतिबंध के बारे में अमरीकी विदेशमंत्री के बयान पर कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान ने अपने दोस्तों और सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों को सूचित कर दिया है कि तेहरान अमरीका के दबाव में अपने उस कानूनी अधिकार से पीछे नहीं हटेगा जो उसे प्रस्ताव क्रमांक 2231 में दिया गया है। 

विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ईरान के लिए इसका कोई महत्व नहीं है कि अमरीका में किस पार्टी की और कौन से रुझान रखने वाली सरकार सत्ता में आती है क्योंकि ईरान ने गत चार दशकों में विभिन्न प्रकार का रुझान रखने वाली अमरीकी सरकारों को आज़माया है और ईरानी जनता के लिए अमरीकी सरकार का व्यवहार महत्वपूर्ण है। 

विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने इसी प्रकार ईरान के यात्री विमान के लिए दो अमरीकी युद्धक विमानों दवारा खतरा पैदा किये जाने के बारे में कहा कि अमरीका समुद्री डकैती के बाद अब हवाई डकैती भी करने लगा है। 

उन्होंने कहा कि ईरान विदेशमंत्रालय, सशस्त्र सेना, न्यायपालिका और उड्डयन विभाग के सहयोग से वह काम करेगा जिससे अमरीका अपने इस क़दम पर पछताने पर मजबूर हो जाएगा। 

सैयद अब्बास मूसवी ने कहा कि हमारे इलाक़े  में अमरीका की उपस्थिति विशेषकर अफगानिस्तान में अस्थिरता और अशांति का कारण है और पश्चिमी एशिया विशेष कर अफगानिस्तान में सहयोग के बारे में अमरीका की करनी व कथनी में सच्चाई की झलक तक नहीं है। 

विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने इसी प्रकार इस्राईली प्रधानमंत्री नेतेन्याहू के इस बयान पर कि हम ईरान को सीरिया में रहने नहीं देंगे, कहा कि ईरान के लिए इस्राईल का अस्तित्व गैर कानूनी है और ज़ायोनियों की इतनी हैसियत ही नहीं कि वह यह कहां कि ईरान कहां और कैसे रहे या न रहे।