15 जुलाई 2020 - 19:10
नेतनयाहू के भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ हज़ारों इस्राईली सड़कों पर

बैतुल मुक़द्दस (यरूशलम) स्थित ज़ायोनी प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतनयाहू के घर के सामने हज़ारों इस्राईलियों ने प्रदर्शन किया है और उनसे तुरंत इस्तीफ़ा देने की मांग की है।

इस्राईली नेतनयाहू सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार और कोरोना वायरस महामारी से निपटने में सरकार की नाकामी से नाराज़ हैं और उनके पद छोड़ने की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में ऐसे प्लेकार्ड उठा रखे थे, जिन पर लिखा हुआ थाः नेतनयाहू इस्तीफ़ा दो, नेतनयाहू के भ्रष्टाचार से हम थक चुके हैं।

प्रदर्शनकारी नारे लगा रहे थे कि कोविड-19 वायरस इतना घातक नहीं है, जितना भ्रष्टाचार का वायरस घातक है।

जनरवी में नेतनयाहू के ख़िलाफ़ एक अदालत में रिश्वतख़ोरी, धोखाधड़ी और विश्वासघात के लिए आरोप पत्र दाख़िल किया गया था।   

इस्राईल में एक साल से भी ज़्यादा तक चलने वाले राजनीतिक गतिरोध और 3 चुनावों के बाद, नेतनयाहू ने मई में गंठबंधन की सरकार का गठन किया था। 19 जुलाई को ज़ायोनी प्रधान मंत्री को उनके ख़िलाफ़ चलने वाले मुक़दमे में अदालत के सामने पेश होना होगा।

इस्राईली क़ानून के मुताबिक़, अगर कोई प्रधान मंत्री किसी आरोप में दोषी ठहराया जाता है तो उसे अपने पद से इस्तीफ़ा देना होगा, हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि नेतनयाहू के ख़िलाफ़ मुक़दमे का फ़ैसला आने में कई वर्ष लग सकते हैं।