ईरान में विदेशी संचार माध्यमों से जुड़े 46 पत्रकारों ने सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों के प्रमुखों के नाम पत्र में लिखा है कि कोरोना वायरस के फैलाव ने सभी सरकारों और देशों के कांधों पर भारी ज़िम्मेदारी डाल दी है जिसके अंतर्गत उन्हें मानवता के बचाव के लिए सब से अच्छा उपचार और रास्ता तलाश करना चाहिए।
विदेशी पत्रकारों ने अपने पत्र में ईरानी जनता के खिलाफ अमरीका के अन्यायपूर्ण प्रतिबंधों का उल्लेख करते हुए लिखा है कि जिस तरह के प्रतिबंध ईरानी जनता पर लगाए गये हैं उसका उदाहरण अमरीका के इतिहास में नहीं मिलता क्योंकि इन प्रतिबंधों से ईरानी जनता को उनके मौलिक अधिकारों से भी वंचित रखने की कोशिश की जा रही है।
इन विदेशी पत्रकारों ने सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों से मांग की है कि वह ईरान की ज़ब्त की गयी पुंजी को छोड़ने के लिए अमरीका पर दबाव डालने की अपनी इतिहासिक, मानवीय और कानूनी ज़िम्मेदारी निभाएं ताकि ईरान की सरकार दवा, खाने पीने की चीज़ों और ज़रूरी सामान की व्यवस्था कर सकें।
याद रहे अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 8 मई सन 2018 में जेसीपीओए से निकलने की घोषणा करते हुए ईरान पर सभी परमाणु प्रतिबंध दोबारा लगा दिये। इन प्रतिबंधों द्वारा ईरानी जनता को निशाना बनाया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने भी पिछले साल ईरान द्वारा अमरीका के खिलाफ मुकद्दमे की सुनवाई करते हुए दवाओं, खाने पीने की चीजों और मानवता प्रेमी सहायताओं पर प्रतिबंध हटाने की मांग की थी।