उन्होंने 11 हज़ार फ़िट की ऊंचाई पर सैन्य अधिकारियों और फ़ौजियों से बातचीत की। वह सुबह सवेरे लद्दाख़ पहुंचे। नरेन्द्र मोदी के साथ सीडीएस जनरल बीपिन रावत और थल सेना प्रमुख एमएम नरवणे भी लद्दाख़ पहुंचे। उन्होंने लद्दाख़ के नीमू में सेना, वायुसेना और आईटीबीपी के जवानों को संबोधित किया।
चीन पर निशाना साधा
प्रधान मंत्री मोदी ने चीन को सचेत किया कि विस्तारवाद का दौर बीत चुका है अब विकासवाद का दौर है। उन्होंने कहा कि तेज़ी से बदलते वक़्त में विकासवाद ही प्रासंगिक है।
नरेंद्र मोदी ने चीन को याद दिलाया कि बीती शताब्दी में विस्तारवाद ने ही मानव जाति का विनाश किया। किसी पर विस्तारवाद की ज़िद सवार हो तो वह हमेशा विश्व शांति के लिए ख़तरा है। प्रधान मंत्री ने इतिहास का हवाला दिया कि किस तरह विस्तारवादी ताक़तें मिट जाती हैं।
ग़ौरतलब है कि चीन थोड़े-थोड़े समय पर लद्दाख़ और अरुणाचल के इलाकों पर अपना दावा करता रहता है। रिपोर्ट के मुताबिक़, चीन ने हाल में रूस और भुटान की कुछ ज़मीन पर भी अपना दावा किया था।
प्रधान मंत्री ने सीमा पर मौजूद जवानों से मुलाक़ात में उनका हौसला बढ़ाया।